भतरौंजखान व सल्ट पुलिस ने स्कूलों में चलाई जागरुकता पाठशाला।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। भतरौंजखान व सल्ट पुलिस ने स्कूलों में छात्र-छात्राओं के लिए जागरुकता पाठशाला चलाई। साईबर अपराध, सड़क सुरक्षा, महिला सुरक्षा व नशे के दुष्प्रभावों सहित विभिन्न विषयों पर बच्चों को महत्त्वपूर्ण जानकारी दी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र पींचा अल्मोड़ा द्वारा छात्र-छात्राओं व आमजन को सड़क सुरक्षा, अपराधों एवं सुरक्षा के प्रति जागरुक किए जाने हेतु जनपद स्तर पर वृहद जागरुकता अभियान चलाया गया है।
इसी क्रम में थानाध्यक्ष भतरौंजखान मदन मोहन जोशी द्वारा राजकीय इंटर कॉलेज जीनापानी, भतरौंजखान में व थानाध्यक्ष सल्ट अजेन्द्र प्रसाद द्वारा राजकीय इंटर कॉलेज हिनौला सल्ट में जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। वर्तमान में प्रचलित 34 वें सड़क सुरक्षा जागरुकता माह के बारे में जानकारी देते हुए सड़क सुरक्षा के प्रति जागरुक कर यातायात नियमों व एमवी एक्ट के प्रावधानों की जानकारी देकर यातायात नियमों का हमेशा पालन करने और बालिक होने तक वाहन नहीं चलाने की उचित हिदायत दी गई।

इस दौरान सभी छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों से जागरुक कर जीवन में हमेशा नशे से दूर रहने तथा गांव या आसपास नशे से सम्बन्धित सामग्री बेचने वालों की सूचना पुलिस को देने हेतु बताया गया। पुलिस द्वारा छात्र-छात्राओं को वर्तमान में प्रचलित साइबर अपराध के संबंध में विस्तृत जानकारी देकर बताया कि गांव-देहात के लोग जागरुकता के अभाव में साइबर ठगी के शिकार बन जाते है, जागरुक रहकर इनसे बचा जा सकता है, बचाव के उपाय बताकर लोगों को जागरुक करने हेतु प्रेरित किया गया।
सोशल मीडिया का उपयोग सावधानी पूर्वक करने हेतु सचेत किया गया। पुलिस हेल्पलाईन नम्बर डायल 112, साईबर क्राईम हेल्प लाईन नम्बर 1930, महिला हेल्प लाईन नम्बर 1090 सहित अन्य हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए किसी भी प्रकार की समस्या व शिकायत होने पर तत्काल इन नम्बरों पर सूचना देने हेतु बताया गया। छात्र-छात्राओं व विद्यालय स्टॉफ को उत्तराखण्ड पुलिस एप में उपलब्ध सभी आनलाईन सुविधाओं, महिला सुरक्षा फीचर गौरा शक्ति व जरुरत पड़ने पर बटन की उपयोगिता के बारे में जानकारी देकर जागरुक किया गया।
रिपोर्टर- एस. आर. चन्द्रा भिकियासैंण










