भाजपा नेता ने नाबालिग से किया दुष्कर्म, नेता हुआ फरार, लोगों ने मुकदमा दर्ज कर कार्यालय पर किया जम कर प्रदर्शन।

भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। जिले के सल्ट विकासखंड में नाबालिग से दुष्कर्म का एक मामला सामने आया है। यहां भाजपा के मंडल अध्यक्ष पर बकरी चराने गई एक किशोरी को अपनी हवस का शिकार बनाने और उसके बाद पिछले पांच दिनों से पीड़िता के परिजनों को धमकाने का आरोप लगा है। शुक्रवार को पीड़ित परिजनों राजस्व उपनिरीक्षक देवायल में इस मामले में तहरीर दी है। राजस्व पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 74 और पॉक्सो अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया है। आरोपी फरार है।

नाबालिग के परिजनों ने राजस्व पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि शनिवार को उनकी नाबालिग बेटी अपने दो भाइयों के साथ बकरी चराने गई थी, तभी डंगूला निवासी भगवत सिंह बोरा वहां पहुंचा, और किशोरी के भाइयों को चॉकलेट देकर वहां से दूर भेजने की कोशिश करने लगा। मौका पाकर आरोपी ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया और थोड़ी देर बाद वहां से फरार हो गया। पीड़िता के परिजनों ने हिम्मत जुटाई और वह राजस्व क्षेत्र देवायल पहुंचे। जहां उन्होंने अपनी नाबालिग बेटी के साथ हुए दुष्कर्म किए जाने की तहरीर दी। तहरीर मिलने के बाद राजस्व पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 74 और पॉक्सो अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पीड़िता को मेडिकल के लिए सीएचसी देवायल ले जाया गया है। फिलहाल आरोपी फरार है।

वहीं भाजपा मंडल अध्यक्ष पर बालिका से छेड़छाड़ का मामला सामने आने पर क्षेत्र में माहौल गरमा गया है। जनप्रतिनिधि व कांग्रेसी कार्यकर्ता एसडीएम कार्यालय जा धमके, उन्होंने घटना को शर्मनाक बताते हुए आरोपित पर दुष्कर्म की धाराओं गिरफ्तारी की मांग उठाई। लोगों ने एसडीएम कार्यालय पर प्रदर्शन किया। जनप्रतिनिधियों ने एसडीएम से कहा कि आरोपित भाजपा मंडल अध्यक्ष है। आरोपित की गिरफ्तारी होनी चाहिए। इस दौरान पूर्व जिला पंचायत सदस्य नारायण सिंह रावत, युवक कांग्रेस नेता अमित रावत, मदन सिंह घुघत्याल, घनानंद शर्मा, मोहन सिंह, दिनेश रावत, भूपेंद्र सिंह, मनोज शर्मा, धीरेंद्र अधिकारी, अर्जुन सिंह आदि शामिल रहे। वहीं तहसीलदार आबिद अली ने बताया कि मामला राजस्व पुलिस से रेगुलर पुलिस को स्थानांतरण हो चुका है। इधर भाजपा रानीखेत जिला अध्यक्ष लीला बिष्ट ने कहा कि भगवत बोरा को इस आरोप पर पार्टी की सदस्यता से निष्कासित कर दिया गया है।

रिपोर्टर- एस. आर. चन्द्रा भिकियासैंण

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!