हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद जी के जन्मदिन पर मनाया गया राष्ट्रीय खेल दिवस।
भिकियासैंण। हॉकी के जादूगर पद्म भूषण मेजर ध्यानचंद के जन्मदिन पर राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय बासोट में “राष्ट्रीय खेल दिवस” मनाया गया। इस अवसर पर बच्चों ने विविध खेल प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग किया। 50 व 100 मीटर दौड़ में बालक वर्ग में कार्तिक व नितिन और बालिका वर्ग में खुशी व जानवी ने क्रमशः प्रथम व द्वितीय स्थान प्राप्त किया। लम्बी कूद में बालक वर्ग से प्रिन्स व कार्तिक व बालिका वर्ग में जानवी व हर्षिता ने क्रमशः प्रथम व द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर बच्चों को बालक-बालिका वर्ग में कबड्डी व खो-खो प्रतियोगिताएं भी कराई गई। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक डी. एस. गिरी द्वारा बच्चों को राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर खेलों के महत्व पर प्रकाश डाला व मेजर ध्यानचंद जी के जन्मदिन के अवसर पर खेल दिवस मनाये जाने की बात से बच्चों को परिचित कराया। विद्यालय में कार्यरत शिक्षक कृपाल सिंह शीला द्वारा बच्चों की विविध खेल प्रतियोगिताएं आयोजित करने में अपना भरपूर सहयोग प्रदान किया। इस अवसर पर देवन्ती देवी, गीता उप्रेती आदि उपस्थित थे।