सिलौटी में गुलदार के हमले से महिला की मौत, क्षेत्र में भय का माहौल।
भीमताल (नैनीताल)। नौकुचियाताल के सिलौटी में सोमवार की शाम घास काटने गई एक महिला पर गुलदार ने हमला कर उसे मार दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा है। सूचना पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। वन विभाग की टीम के साथ ग्रामीणों द्वारा महिला की ढूंढ-खोज की गई। देर शाम महिला का शव घटना स्थल से करीब चार-पाँच सौ मीटर दूर मिला। गुलदार उसे घसीटकर ले गया। घटना स्थल से महिला के कपड़े, दरांती व खून के निशान मिले। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार सोमवार की शाम को सिलौटी निवासी लीला देवी (55) पत्नी नरोत्तम व एक अन्य महिला ऐड़ी देवता मंदिर के ऊपर जंगल में घास काटने गई हुई थी। वहाँ पहले से ही घात लगाए बैठे गुलदार ने लीला देवी पर हमला कर दिया। घटना करीब चार से पाँच बजे के बीच की बताई जा रही है। महिला के साथ गई महिला ने इसकी सूचना ग्रामीणों को दी। सूचना पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और ढूंढ-खोज की, लेकिन उसका सुराग नहीं लग पाया। घटना के कुछ दूरी पर कपड़े, बाल, दरांती मिले, साथ ही खून के निशान भी मिले। सूचना पर वन विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे, जिनके द्वारा ग्रामीणों के साथ महिला को ढूंढने के लिए सर्च अभियान शुरु किया गया। महिला का शव करीब चार-पाँच सौ मीटर दूर मिला। घटना स्थल पर वन क्षेत्राधिकारी विजय मेलकानी, एसओ विमल मिश्रा समेत वन विभाग की टीम समेत मनोज भट्ट, दिनेश सांगुड़ी, नितेश बिष्ट, विशन पोखरिया भुवन भट्ट व काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
भीमताल। क्षेत्र के लोगों में सूचना के बाद भी वन विभाग की टीम जल्द मौके पर नहीं पहुंच पाने को लेकर काफी नाराजगी थी। लोगों ने बताया घटना के वन विभाग को सूचना दे दी थी, लेकिन वन विभाग काफी देर से पहुंचा। घटना को लेकर ग्रामीणों में तीव्र आक्रोश था। बताया गुलदार लंबे समय से क्षेत्र में मवेशियों को मार रहा था। वन विभाग से इसको पकड़ने की मांग की जा रही थी लेकिन वन विभाग द्वारा इसे हल्के में लिया गया। बताया गुलदार ने आज महिला को मार दिया। इधर क्षेत्र के पूर्व बीडीसी सदस्य दुर्गादत्त पलड़िया, जिला पंचायत सदस्य अनिल चनौतिया, भाजपा मंडल उपाध्यक्ष भुवन भट्ट, प्रधान आरती भट्ट ने वन विभाग से जल्द आदमखोर हो चुके गुलदार को पकड़ने की मांग की।
भीमताल। क्षेत्र के पंचायत प्रतिनिधियों ने वन विभाग के अधिकारियों से आदमखोर बाघ को जल्द मारने की मांग की है। क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता भुवन भट्ट, दुर्गा दत्त पलड़िया, रवीन्द्र कर्नाटक, किरन भट्ट आदि ने वन विभाग व डीएम से आदमखोर लगातार ब्लॉक के विभिन्न गांवों में आतंक मचा रहा है। डर से ग्रामीण सदमे में हैं। ग्रामीण अपने दैनिक कार्यों हेतु घरों से बाहर नहीं निकल पा रहे है। जल्द ही गुलदार को नहीं मारा गया तो प्रशासन के खिलाफ आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा। साथ ही उन्होंने पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
भीमताल। ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश बिष्ट ने सिलौटी में गुलदार द्वारा महिला को मारने की घटना पर गहरा दु:ख व्यक्त किया है। प्रमुख डॉ. बिष्ट ने वन विभाग के अधिकारियों को दूरभाष से तत्काल नर-भक्षी को पकड़ने के निर्देश दिए। बताया ग्रामवासी भयभीत है। उन्होंने वन विभाग से घटना की पुनरावृत्ति न हों, इसके लिए विभाग को पहले ही आवश्यक कदम उठा लेने चाहिए। पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा प्रदान किया जाएं।
भीमताल। घटना की सूचना मिलते ही विधायक राम सिंह कैड़ा शिलौटी गांव पहुंचे। उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों को जब तक आदमखोर पकड़ा नहीं जाता, तब तक क्षेत्र से टीम को नहीं हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से रात में ही पिंजरा लगाने को कहा। साथ ही टीम द्वारा गश्त करने को कहा। उन्होंने बताया घटना की सूचना मुख्यमंत्री समेत वन मंत्री को भी दे दी है। बताया इस तरह की घटना पिछले साल भी हो चुकी है। पिछले साल भी बाघ ने लगातार मलुवाताल, पिनरो व तांडा से तीन लोगों को मार दिया था। उन्होंने वन विभाग से इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हों, इसका विशेष ध्यान रखते हुए जल्द आदमखोर को पकड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने घटना पर गहरा दु:ख जताते हुए कहा कि जल्द पीड़ित परिवार को आर्थिक मुआवजा दिया जाएगा।