डॉक्टर नरेन्द्र दाभोलकर की शहादत को याद कर मनाया गया राष्ट्रीय वैज्ञानिक चेतना दिवस।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। भारतीय चिकित्सक, सामाजिक कार्यकर्ता, लेखक सतारा (महाराष्ट्र) में 1 नवंबर 1945 में जन्मे डॉक्टर नरेन्द्र दाभोलकर द्वारा समाज में वैज्ञानिक चेतना जगाने व अंधश्रद्धा निर्मूलन के लिए हमेशा कार्य किया गया। 20 अगस्त 2013 को पुणे में अज्ञात तत्वों द्वारा गोली मारकर डॉक्टर दाभोलकर की हत्या कर दी गई। उनकी शहादत पर भारत ज्ञान विज्ञान समिति ने 20 अगस्त 2018 को “राष्ट्रीय वैज्ञानिक दृष्टिकोण दिवस” NSTD (National Scientific Temperament Day) के रुप में आयोजित करने का निर्णय लिया।
डॉक्टर दाभोलकर के शहादत दिवस पर राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय बासोट में 8वां “राष्ट्रीय वैज्ञानिक चेतना दिवस” मनाया गया। समाज में व्याप्त अंधविश्वासों से मुक्ति में विज्ञान किस प्रकार सहायक है, विज्ञान के संबंध में हमारी समझ, विज्ञान हमारे लिए किस प्रकार उपयोगी है, विज्ञान और पर्यावरण विषय पर बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण जाग्रत करने के उद्देश्य से विज्ञान प्रश्नोत्तरी, भाषण, विज्ञान प्रदर्शनी सहित विविध प्रतियोगिताएं आयोजित की गई।
भारत ज्ञान विज्ञान समिति के जिला सचिव कृपाल सिंह शीला द्वारा सभी मंचस्थ अतिथियों का स्वागत करने के साथ डॉक्टर दाभोलकर के समाजहित में किए गए कार्यों पर प्रकाश डालते हुए अपनी बात को रखा गया। राष्ट्रीय वैज्ञानिक चेतना दिवस पर अपनी बात रखते हुए विद्यालय के प्रधानाध्यापक डी. एस. गिरी ने कहा कि विज्ञान की हमारे जीवन में बहुत उपयोगिता है। विज्ञान ने मानव जीवन को बहुत सहज बना दिया है। इस अवसर पर मंचस्थ अतिथि सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक नन्दकिशोर उप्रेती व शिक्षक मोहनचन्द्र गड़ाकोटी द्वारा भी विज्ञान की महत्ता के संबंध में बच्चों से अपनी बात साझा की गई। गड़ाकोटी द्वारा बच्चों को वैज्ञानिक अविष्कार पर एक सुंदर कविता भी सुनाई गई।
इस अवसर पर बच्चों ने विज्ञान संबंधित विविध प्रतियोगिताओं में सक्रिय प्रतिभागिता के साथ विज्ञान की हमारे जीवन में उपयोगिता पर भी अपनी बात रखी। प्राथमिक वर्ग से विज्ञान प्रश्नोतरी में भगीरथ प्रकाश प्रथम, प्रिन्स नेगी द्वितीय व हर्षित कड़ाकोटी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। भाषण प्रतियोगिता में प्रिन्स नेगी ने प्रथम, भगीरथ प्रकाश ने द्वितीय व सोम्या ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विज्ञान प्रदर्शनी में प्रिन्स ने प्रथम, सोम्या ने द्वितीय व भगीरथ प्रकाश ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। जूनियर वर्ग से भाषण प्रतियोगिता में रा.बा.उ.मा.वि. बासोट से कु. जानवी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। विज्ञान प्रश्नोत्तरी में जानवी ने प्रथम व कामना उप्रेती ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। सभी प्रथम, द्वितीय, तृतीय स्थान प्राप्त प्रतिभागियों को मंचस्थ अतिथियों द्वारा पुरस्कार प्रदान किया गया। कार्यक्रम में सामुदायिक शिक्षिका गीता उप्रेती व अभिभावक दीप चन्द्र उपस्थित थे। कार्यक्रम के अन्त में “राष्ट्रीय वैज्ञानिक चेतना दिवस” के सफल आयोजन के लिए भारत ज्ञान विज्ञान समिति के जिला सचिव कृपाल सिंह शीला द्वारा मंचस्थ अतिथियों, सभी गुरुजनों व सभी बच्चों का आभार व्यक्त किया गया।
रिपोर्टर- रिया सोलीवाल










