छात्र संघ चुनाव की तिथि शीघ्र घोषित करने हेतु एबीवीपी खटीमा इकाई ने कुलपति को सौंपा ज्ञापन।
खटीमा। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) खटीमा इकाई ने राजकीय महाविद्यालय खटीमा के प्रभारी प्राचार्य, असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. गुरवेंद्र सिंह के माध्यम से कुमाऊं विश्वविद्यालय, नैनीताल के कुलपति को ज्ञापन भेजा। ज्ञापन में छात्र-छात्राओं ने वर्तमान शैक्षिक सत्र के लिए छात्र संघ चुनाव की तिथि शीघ्र घोषित करने का आग्रह किया है।

एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने बताया कि उत्तराखंड राज्य में राजकीय महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में छात्र संघ चुनाव को लेकर उच्च न्यायालय में दायर जनहित याचिका पर शासनादेश के आधार पर आदेश पारित किया गया था। न्यायालय ने स्पष्ट रुप से निर्देशित किया था कि वर्तमान सत्र में छात्र संघ चुनाव का आयोजन संभव नहीं होगा, क्योंकि विश्वविद्यालय द्वारा संबंधित आदेश का पालन नहीं किया गया था।
हालाँकि, एबीवीपी खटीमा इकाई के छात्र-छात्राओं का यह मानना है कि छात्र संघ चुनाव विद्यार्थियों के शैक्षिक जीवन का अभिन्न हिस्सा है। ये चुनाव छात्रों को लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में भाग लेने का अवसर प्रदान करते है और उन्हें अपने अधिकारों की रक्षा के लिए जागरुक और सशक्त बनाते है।

ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि छात्र संघ का गठन विद्यार्थियों के बीच सामूहिकता, समन्वय और सहयोग की भावना को बढ़ावा देता है, साथ ही छात्रों की समस्याओं को प्रशासनिक स्तर तक पहुँचाने का प्रभावी माध्यम बनता है। इसलिए, एबीवीपी खटीमा इकाई ने माननीय कुलपति महोदय से आग्रह किया कि शीघ्र छात्र संघ चुनाव की तिथि का निर्धारण किया जाएं ताकि विद्यार्थीगण इस महत्त्वपूर्ण लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय रुप से भाग ले सकें।
ज्ञापन देने वालों में नगर मंत्री शुभम भट्ट, कॉलेज इकाई अध्यक्ष शरद राणा, नगर मीडिया प्रभारी अमित सिंघवाल, दीपेंद्र सिंह धामी, नगर जनजाति सह प्रमुख आकाश राणा, कॉलेज सह मंत्री नितिन रस्तोगी, अभिषेक राठौर, सलोनी राणा, कॉलेज इकाई उपाध्यक्ष रोहित चंद, अर्जुन गोस्वामी, नीरज गोस्वामी, अमन गुरुंग, नगर कार्यकारणी सदस्य मनदीप सिंह, उपासना राणा, अंजलि राणा, सोनू चंद, पियूष चंद आदि प्रमुख रुप से उपस्थित थे।
रिपोर्टर- एस. आर. चन्द्रा भिकियासैंण







































