सीएम पुष्कर धामी के कैबिनेट में शामिल मंत्री चन्दन राम दास का हुआ आकस्मिक निधन, कई राजनैतिक संगठनों ने जताया गहरा दुःख।

भिकियासैण (अल्मोड़ा) कैबिनेट मंत्री चंदन राम दास अब नहीं रहे। लंबे समय से बीमारी के चलते आज बुधवार को उनका आकस्मिक निधन हो गया। तबीयत बिगड़ने पर उन्हें बागेश्वर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था,जहां उन्होंने अंतिम सांस ली है। उनके निधन की खबर से पार्टी सहित पूरे प्रदेश में शोक की लहर दौड़ गई। कैबिनेट मंत्री चंदन राम दास के निधन पर सीएम पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुख जताते हुए कहा कि- मंत्रिमंडल में मेरे वरिष्ठ सहयोगी चंदन राम दास के आकस्मिक निधन के समाचार से मैं काफी स्तब्ध हूंँ, उनका निधन जनसेवा एवं राजनीति के क्षेत्र में अपूरणीय क्षति है। ईश्वर पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान एवं परिजनों व समर्थकों को यह असीम कष्ट सहन करने की शक्ति प्रदान करें। चंदन रामदास के निधन पर प्रदेश में तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया गया है। 26 से 28 अप्रैल तक राजकीय शोक रहेगा।

चंदन राम दास का राजनीतिक करियर 1980 में शुरू हुआ। वह 1997 में नगर पालिका बागेश्वर के निर्दलीय अध्यक्ष बने। इससे पूर्व एमबी डिग्री कालेज हल्द्वानी में बीए प्रथम वर्ष में निर्विरोध संयुक्त सचिव बने। 1980 से राजनीति जीवन की शुरुआत की। 2006 में पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी की प्रेरणा पर भाजपा में शामिल हुए। 2007, 2012, 2017 और 2022 में वह लगातार चौथी बार विधायक चुने गए। उनके निधन पर सल्ट के विधायक महेश जीना, रानीखेत विधायक डा0 प्रमोद नैनवाल, जिलाअध्यक्ष लीला बिष्ट, जिला महामंत्री एड पूरन रजवार, अनुसूचित मोर्चा जिला अध्यक्ष प्रवीण कुमार, भाजपा मंडल अध्यक्ष सल्ट कुन्दन लाल, भाजपा मंडल अध्यक्ष भिकियासैण दरबान बिष्ट आदि राजनैतिक संगठनों ने गहरा दुःख व्यक्त किया है। वहीं शिल्पकार सेवा समिति भिकियासैण के सभी पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

रिपोर्टर- एस. आर. चन्द्रा भिकियासैंण

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!