भारत का अमृत काल, सेवा सुशासन, गरीब कल्याण के 11 साल कार्यक्रम के तहत बहुउद्देशीय शिविर हुआ आयोजित।

द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। विकसित भारत का अमृत काल, सेवा सुशासन और गरीब कल्याण के 11 साल कार्यक्रम के तहत आज विकासखंड द्वाराहाट के अंतर्गत एक बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। रामलीला मैदान बग्वाली पोखर में कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत की अध्यक्षता में यह आयोजित हुआ। वर्तमान केंद्र की मोदी सरकार के 11 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित इस शिविर में लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी समस्याओं का समाधान कराया तथा सरकारी योजनाओं का लाभ उठाया। इस शिविर में कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने ग्राम्य विकास एवं हिमोत्थान योजना के अंतर्गत स्वयं सहायता समूह की 32 महिलाओं को 15 लाख रुपए से अधिक के चैक वितरित किए। महिलाओं को यह धनराशि उन्हें रोजगार स्थापित करने के लिए दी गई है। 5 दिव्यांग व्यक्तियों को सहायक उपकरण वितरित किए गए, 5 महिलाओं को महालक्ष्मी किट का वितरण भी कैबिनेट मंत्री ने किया। 12 व्यक्तियों को विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए प्रशस्ति पत्र भी दिए तथा कैबिनेट मंत्री द्वारा प्रशस्ति पत्र प्राप्त करने वाले व्यक्तियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि चैक के माध्यम से दी गई इस धनराशि से महिलाएं स्वावलंबन के क्षेत्र में कदम बढ़ाएंगी। वें अपना स्वयं का रोजगार स्थापित कर अन्य महिलाओं को भी प्रेरणा देने का कार्य करेंगी। हमारी सरकार महिला सशक्तिकरण को लेकर संवेदनशील है तथा महिला उत्थान के लिए कार्य कर रही है। कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने इस दौरान अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार गरीबों के उत्थान के लिए कार्य कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में देश लगातार प्रगति कर रहा है तथा देश की साख बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य को लगातार नित नई ऊंचाइयों पर ले जा रहे हैं। उनके नेतृत्व में राज्य उन्नति के पथ पर अग्रसर है। हमारी सरकार गाँव-गाँव जाकर लोगों की समस्याओं का समाधान करने के लिए कृत संकल्पित है तथा लोगों का विकास करना भी हमारा ध्येय है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड राज्य श्रेष्ठ राज्य बनने की दिशा में कदम बढ़ा रहा है। उत्तराखंड में लागू हुआ सशक्त भू कानून तथा समान नागरिक संहिता राज्य की प्रगति के सशक्त स्तंभ बन गए हैं। पलायन की समस्या के समाधान के लिए भी वर्तमान सरकार लगातार कार्य कर रही है। इस दिशा में सरकार ने कई अहम फैसले लिए हैं। उन्होंने यहां उपस्थित जनता को विश्वास दिलाया कि वे जो भी समस्याएं यहां लेकर आए हैं, उन पर कार्यवाही जरुर होगी। किसी को भी निराश नहीं होना पड़ेगा। इसके लिए उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए कि यहां आई समस्याओं को गंभीरता से लिया जाए। शिविर में आई समस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता से किया जाए। इस शिविर में कुल 72 शिकायतें विभिन्न विभागों से संबंधित पंजीकृत हुई तथा कई लोगों ने मौखिक रुप से अपनी समस्याओं से कैबिनेट मंत्री को अवगत कराया। कैबिनेट मंत्री ने एक-एक फरियादियों की समस्याएं सुनी तथा मौके पर ही उपस्थित अधिकारियों को उनकी समस्या का समाधान करने हेतु निर्देशित किया। इनमें से अधिकतर समस्याओं का निस्तारण कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत ने मौके पर ही कराया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आपसी समन्वय की कमी नहीं होनी चाहिए। आपसी समन्वय के साथ लोगों की समस्याओं को निस्तारित करें।

विभागीय स्टॉलों से लोगों ने उठाया लाभ, विभागीय योजनाओं की दी जानकारी –
इस शिविर में विभागीय स्टॉलों से प्रत्यक्ष रुप से 182 लोगों को लाभान्वित किया गया, जिसमें स्वास्थ्य विभाग द्वारा 111 व्यक्तियों का हेल्थ चैकअप किया गया तथा दवाएं दी गई। विद्युत विभाग द्वारा 11 लोगों के बिल सुधार संबंधी कार्य किए गए। पंचायती राज एवं ग्राम्य विकास विभाग द्वारा यूसीसी पंजीकरण, परिवार रजिस्टर संशोधन, अन्य प्रमाण पत्र जैसे कार्यों से 33 लोगों को लाभान्वित किया। पशुपालन विभाग द्वारा 13 लोगों को पशुओं की दवाएं दी गई। कृषि विभाग द्वारा 5 किसानों को कृषि यंत्र अनुदान प्रदान किए गए।

शिविर के उपरांत की प्रेस वार्ता, गिनाई मोदी सरकार की उपलब्धियां –
शिविर के उपरांत कैबिनेट मंत्री ने यहां प्रेस वार्ता में मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में देश में अभूतपूर्व प्रगति हुई है। 7 नए आईआईटी, 570 नए विवि खोले गए, 7 लाख से ज्यादा लोगों को निःशुल्क राशन दिया जा रहा है। हर नागरिक को आवास उपलब्ध कराया गया है। हर घर जल दिया जा रहा है, 5 लाख रुपए तक निःशुल्क इलाज की सुविधा भी दी गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातर प्रगति के पथ पर अग्रसर है।

इस दौरान पलायन आयोग के सदस्य अनिल साही, पूर्व विधायक महेश नेगी, जिलाध्यक्ष भाजपा रानीखेत घनश्याम भट्ट, जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडेय, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पींचा, उपजिलाधिकारी द्वाराहाट सुनील कुमार राज खंड विकास अधिकारी, तहसीलदार समेत अन्य जिला स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा क्षेत्रीय जनता उपस्थित रही।

रिपोर्टर- रिया सोलीवाल

Loading

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!