निकाय चुनाव को लेकर सफल संपादन के लिए 250 कार्मिकों को दिया प्रशिक्षण।
अल्मोड़ा। स्थानीय निकाय सामान्य निर्वाचन 2025 के सफल संपादन हेतु पीठासीन अधिकारी, मतदान अधिकारी प्रथम, सेक्टर, जोनल व रिजर्व समेत 250 कार्मिकों का प्रशिक्षण आज सोमवार को उदय शंकर नृत्य अकादमी में आयोजित हुआ। इस दौरान सभी कार्मिकों ने चुनाव की बारीकियों को जाना तथा मतपत्र पेटियों को खोलने एवं बंद करने के तरीके सीखें।
प्रशिक्षण सत्र को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडेय ने कहा कि लोकसभा एवं विधानसभा चुनाव की अपेक्षा यह चुनाव ज्यादा चुनौती वाला है। अधिकारी यह न सोचें कि यह छोटा चुनाव है, बल्कि यह सोचें कि इस चुनाव में हार जीत का अंतर बहुत कम होता है, इसलिए इस चुनाव की संवेदनशीलता भी बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि चुनाव को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण तरीके से कराना हम सभी की जिम्मेदारी है। कहा कि चुनाव में प्रत्येक कार्मिक की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। इसलिए सभी कार्मिक पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण में बताई जा रही सभी बातों को ध्यानपूर्वक सीखें। कहीं भी किसी अधिकारी के साथ कम्युनिकेशन गैप न रहें। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने से संबंधित चुनाव कार्मिक से संपर्क स्थापित करने में तनिक भी संकोच न करें। उन्होंने कहा कि जो हैंडबुक चुनाव आयोग से प्राप्त हुई है, अधिकारी उसका अध्ययन जरुर करें। उन्होंने कहा कि अतिआत्मविश्वास कई बार घातक सिद्ध होता है, इसलिए इससे बचें। उन्होंने कहा कि यहां लोकतंत्र का पर्व है। इस पर्व का हम हिस्सा हैं। हमारा लोकतंत्र दुनिया में अपनी पहचान बनाए हुए है। इस लोकतंत्र को मजबूत बनाने में हमारी भी भूमिका महत्वपूर्ण होती है। इसलिए चुनाव को निष्पक्ष एवं पारदर्शी कराना हमारा दायित्व है। कहा कि सभी अधिकारी चुनाव आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का अध्ययन भली-भांति करें, तथा उनका पालन करें। उन्होंने कहा कि ओवर कॉन्फिडेंट होने से बचें तथा संयम से चुनाव की सभी गतिविधियों को संपादित करें।

इस दौरान मास्टर ट्रेनरों ने सभी अधिकारियों को चुनाव की सभी बारीकियां सिखाई। मतपत्र पेटी, बैलेट पेपर, नमूना, मतदाता सूची आदि के बारे में विभिन्न जानकारियां प्रशिक्षण के दौरान दी गई। इस दौरान सभी अधिकारियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया तथा निर्वाचन को कुशलतापूर्वक संपन्न कराए जाने के लिए विभिन्न प्रावधानों को बताया गया। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, जिला विकास अधिकारी/नोडल अधिकारी प्रशिक्षण एस. के. पंत, उपजिलाधिकारी सदर संजय कुमार, नोडल अधिकारी कार्मिक चंदन बिष्ट समेत मास्टर ट्रेनरों में कपिल नयाल, अशोक कुमार, हेम जोशी तथा समस्त जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट अधिकारी तथा चुनाव कार्मिक उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडेय के निर्देशन में चुनाव संबंधित सभी प्रशिक्षणों में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा भोजन की व्यवस्था की जाएगी। जिलाधिकारी के निर्देशानुसार आज उदय शंकर नृत्य अकादमी में आयोजित प्रथम प्रशिक्षण में सभी कार्मिकों के लिए भोजन की व्यवस्था उज्जवल स्वायत्त सहकारिता धामस हवालबाग द्वारा की गई। इसमें महिलाओं द्वारा पारंपरिक व्यंजनों के साथ स्थानीय उत्पादों का प्रयोग किया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों को इन गतिविधियों में भागीदार बनाकर ऐसा करने से एक ओर जहां सेल्फ हेल्प ग्रुप को प्रोत्साहन मिलेगा, वहीं दूसरी ओर स्थानीय महिलाओं की आजीविका में भी वृद्धि होगी। परियोजना प्रबंधक हीमोत्थान राजेश मठपाल की देख-रेख में भोजन की व्यवस्था की गई।
रिपोर्टर- एस. आर. चन्द्रा भिकियासैंण






















