रामगंगा नदी में नहाते वक्त एक युवक की मौत, इंजीनियरिंग कॉलेज में दाखिले के सिलसिले में आया था युवक।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। तहसील भिकियासैंण के अन्तर्गत केदार पुल के पास रामगंगा नदी में नहाते वक्त गहरे भंवर में फंस जाने से एक युवक की मौत हो गई है। नदी के आस-पास मौजूद लोगों ने अचेत अवस्था में उसको निकालकर 108 की मदद से सीएचसी भिकियासैंण पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पंचायत नामा भर पोस्टमार्टम की कार्यवाही की है।
भिकियासैंण पुलिस चौकी प्रभारी संजय जोशी ने जानकारी देते हुए बताया कि रविवार देर शाम विशाल बडौला पुत्र चन्द्र प्रकाश उम्र 21 वर्ष निवासी सैनिक कॉलोनी काशीपुर जो द्वारहाट इंजीनियरिंग कॉलेज में दाखिले के सिलसिले में गया था, वहां से वापस लौटते वक्त केदार पुल के पास रामगंगा नदी में नहाते वक्त विशाल अचानक नदी के गहरे भंवर में फंस गया। चीख पुकार सुनकर नदी के आस-पास मौजूद स्थानीय लोगों ने नदी के भंवर में से उसे निकालकर 108 की मदद से सीएचसी भिकियासैंण पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायत नामा भरकर सोमवार को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक चिकित्सालय रानीखेत भेज दिया है तथा पुलिस की सूचना पर परिवारजन पहुंच गए। खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मचा है।



