“शिक्षा रत्न सम्मान – 2024” से सम्मानित होंगे शिक्षक कृपाल सिंह शीला, बधाईयों का सिलसिला जारी।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। ग्लोकल विश्वविद्यालय – सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) द्वारा अखिल भारतीय शिक्षा सम्मेलन 14 जुलाई, 2024 को आयोजित होना है। इस सम्मेलन में अखिल भारतीय स्तर के करीब 250 से अधिक नवाचारी शिक्षकों को “शिक्षा रत्न सम्मान – 2024” से सम्मानित किया जाएगा, जिसमें रा. जू. हा. मुनियाचौरा (भिकियासैंण) में सहायक अध्यापक विज्ञान के पद पर अध्यापन कर रहे कृपाल सिंह शीला को भी सम्मानित किया जाएगा।

सम्मान के लिए चयन की जानकारी ग्लोकल विश्वविद्यालय – सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) में प्रति कुलपति प्रो. (डॉ.) पंकज कुमार मिश्रा द्वारा दी गई। मालूम हो कृपाल सिंह शीला एक नवाचारी शिक्षक हैं। हाल ही में ग्रीष्म कालीन अवकाश में विकासखंड भिकियासैंण के बच्चों के लिए साप्ताहिक संगीत गायन और वादन कार्यशाला आदर्श राजकीय प्राथमिक विद्यालय बासोट में आयोजित की थी, जिसमें बच्चों ने प्रार्थना गीत व लोक गीतों का प्रशिक्षण लिया तथा पारंपरिक वाद्य यंत्रों के बारे में भी विस्तृत जानकारी ली। कृपाल सिंह शीला संगीत, पर्यावरण, साहित्य और कुमाऊंनी बैठक होली के अच्छे जानकार भी हैं। उनके इस सम्मान पर विद्यालय परिवार सहित आसपास क्षेत्रों के जनप्रतिनिधियों व शुभचिन्तकों ने उन्हें ढेर सारी बधाई के साथ शुभकामनाएं दे रहे है।
रिपोर्टर- एस. आर. चन्द्रा भिकियासैंण





