जिलाधिकारी अल्मोड़ा विनीत तोमर की अध्यक्षता में जिलास्तरीय बैठक हुई आयोजित।

अल्मोड़ा। जिलाधिकारी विनीत तोमर की अध्यक्षता में नाबार्ड की ग्रामीण आधारभूत अवसंरचना विकास निधि (आर.आई.डी.एफ.) के अन्तर्गत जिला स्तरीय समिति की बैठक का आयोजन जिला सभागार में किया गया। नाबार्ड द्वारा आर.आई.डी.एफ. (RIDF) के तहत राज्य सरकार को आधारभूत ढांचागत विकास हेतु कम दरों पर वित्तपोषण प्रदान किया जाता है। अल्मोड़ा जिले में पिछले वर्ष 2023-24 में RIDF खेप 29 के अंतर्गत रु. 58.16 करोड़ लागत की 23 परियोजनाएँ स्वीकृत हुयी हैं, जिनमें नाबार्ड द्वारा रु. 49.75 करोड़ का ऋण दिया जाएगा। इनमें लोक निर्माण विभाग (PWD) को रु. 45.27 करोड़ एवम् डेयरी विकास विभाग को 6.71 करोड़ लागत की योजनायें प्रमुख है।

इसी के साथ अब अल्मोड़ा जिले में कुल रु. 433.28 करोड़ लागत की 112 परियोजनाएँ कार्यान्वयन में हैं। नाबार्ड के जिला विकास प्रबन्धक गिरीश चन्द्र पंत ने बताया कि आरआईडीएफ की खेप 24 और 25, 30 जून 2024 को बंद हो चुकी हैं और प्रतिपूर्ति दावे 30 सितंबर 2024 तक ही मान्य होंगे।

बैठक में 5 करोड़ से अधिक लागत की योजनाओं व खेप 25 तक की योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गयी। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को परियोजनाओं को शीघ्र पूर्ण कर नाबार्ड को पीसीसी/पीसीआर प्रेषित करने के निर्देश दिये। सभी विभागों को बैठक में जरुरी अवसंरचना निर्माण हेतु RIDF में योजनाएँ प्रेषित करने, परियोजनाओं में सूचना बोर्ड लगाने एवम् सफल योजनाओं की कहानी प्रेषण करने को कहा गया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आकांक्षा कोंडे समेत अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

रिपोर्टर- एस. आर. चन्द्रा भिकियासैंण

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *