स्वस्तिका जोशी ने अपनी प्रतिभा से बढ़ाया उत्तराखंड का मान।

हल्द्वानी। हल्द्वानी की स्वस्तिका जोशी ने इलाहाबाद उत्तर प्रदेश में प्रयाग संगीत समिति द्वारा आयोजित 62 वीं अखिल भारतीय शास्त्रीय संगीत व नृत्य प्रतियोगिता में भरतनाट्यम और वायलिन वादन में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया और भरतनाट्यम में प्रथम स्थान तथा वायलिन वादन में द्वितीय स्थान प्राप्त कर नैनीताल व उत्तराखंड का मान बढ़ाया।

इससे पूर्व स्वस्तिका जोशी भरतनाट्यम नृत्य और वायलिन वादन में कई बार उत्तराखंड का नाम रोशन कर चुकी है। अखिल भारतीय संगीत नृत्य प्रतियोगिता शिमला, बाल कला उत्सव दिल्ली, अखिल भारतीय शास्त्रीय संगीत नृत्य प्रतियोगिता आगरा, संगीत मिलन उस्ताद नियाज अहमद फैयाज अहमद खान क्लासिकल वॉइस ऑफ इंडिया 2023 ग्रैंड फिनाले लखनऊ सहित सभी में स्वस्तिका ने प्रथम स्थान प्राप्त किया है।

10 वर्षीय स्वस्तिका जोशी हल्द्वानी के सेंट थेरेसा स्कूल में कक्षा 6 की छात्र हैं। स्वस्तिका जोशी को भरतनाट्यम में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उज्जैन में शशि कला प्रवीण सम्मान, आगरा से पंडित सुनहरी लाल वर्मा स्मृति पुरस्कार व पैलाग फाउंडेशन अल्मोड़ा द्वारा सम्मानित किया गया है। इलाहाबाद की प्रतियोगिता के बाद स्वस्तिका जोशी को बनारस के अस्सी घाट में आयोजित होने वाले प्रतिष्ठित शास्त्रीय नृत्य संगीत के कार्यक्रम में 11 जुलाई और नमो घाट के शास्त्रीय संगीत कार्यक्रम में 12 जुलाई को भरतनाट्यम नृत्य की एकल प्रस्तुति के लिए आमंत्रित हैं। स्वस्तिका का मानना है कि गुरु कृपा से ही मैं कुछ कर पा रही हूं। स्वस्तिका की उपलब्धि पर गुरुजनों व कला प्रेमियों ने बधाई दी है।
रिपोर्टर- एस. आर. चन्द्रा भिकियासैंण





