अखिल भारतीय शिक्षा सम्मेलन और शिक्षा उत्कृष्टता पुरस्कार में भिकियासैंण के कृपाल सिंह शीला को “शिक्षा रत्न सम्मान – 2024” से किया गया सम्मानित।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। अखिल भारतीय शिक्षा सम्मेलन और शिक्षा उत्कृष्टता सम्मान 2024 में जिला अल्मोड़ा तहसील भिकियासैंण के नवाचारी शिक्षक कृपाल सिंह शीला को “शिक्षा रत्न सम्मान – 2024” से आज रविवार ग्लोकल विश्वविद्यालय सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) में मंच से सम्मानित किया गया। इस सम्मान समारोह में प्राथमिक से विश्वविद्यालय स्तर पर शिक्षा के क्षेत्र में नवाचारी कार्य कर रहे शिक्षकों व प्रोफेसरों को सम्मानित किया गया। इससे पूर्व शिक्षक कृपाल सिंह शीला को राष्ट्रीय व राज्य स्तर पर सम्मानित किया गया है। वर्तमान में कृपाल सिंह शीला स.अ. विज्ञान के पद पर राजकीय जूनियर हाईस्कूल मुनियाचौरा भिकियासैंण में कार्यरत है। यह प्रतिष्ठित आयोजन देशभर के शिक्षाविदों, नीति निर्माताओं और शिक्षा क्षेत्र के अग्रणियों को एक मंच पर लाने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
इस सम्मेलन का उद्देश्य “राष्ट्रीय शिक्षा नीति – 2020” के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सामूहिक दृष्टिकोण विकसित करना और शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता को प्रोत्साहित करना है। शिक्षा उत्कृष्टता पुरस्कारों के माध्यम से, हम उन शिक्षकों, संस्थानों और व्यक्तियों को सम्मानित करेंगे जिन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में अद्वितीय योगदान दिया है, और नई पीढ़ी के लिए उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा सुनिश्चित की है। इस अवसर पर पद्म पुरस्कार प्राप्त सम्माननीय पद्म सेठपाल सिंह, काजी नदीम अख्तर,पद्म श्री प्रो. (डॉ.) राजन सक्सेना, डॉ. अखिलेश मिश्रा, पद्म श्री डॉ. भारत भूषण के द्वारा सभी सम्मानित होने वाले नवाचारी शिक्षकों, प्रोफेसरों को हार्दिक शुभकामनाएं दी व बच्चों के भविष्य को संवारने के लिए शिक्षकों से खूब मेहनत करने का आहृवान किया।

इस सम्मान समारोह में पूरे भारत से 350 से अधिक शिक्षकों को सम्मानित किया गया, जिनका चयन 2500 आवेदनों में से उनके प्रोफाइल की कठोर समीक्षा प्रक्रिया के माध्यम से किया गया था। ग्लोकल विश्वविद्यालय के प्रति कुलपति प्रो. (डॉ.) पंकज कुमार मिश्रा जी द्वारा सभी सम्मानित शिक्षकों से आगे भी शिक्षा के क्षेत्र में अपने नवाचारी प्रयासों का लाभ बच्चों तक पहुँचाने के निवेदन के साथ सभी शिक्षकों के उज्जवल भविष्य की कामना करी व सभी के स्वागत, गरिमामयी उपस्थिति के लिए आभार व्यक्त किया। कृपाल सिंह शीला को यह सम्मान मिलने पर खंड शिक्षा अधिकारी भिकियासैंण डॉ. रवि मेहता, सभी गुरुजनों, सभी स्नेहीजनों, मित्रों ने प्रसन्नता व्यक्त की है।
रिपोर्टर- एस. आर. चन्द्रा भिकियासैंण








