तहसील भिकियासैंण के विनायक क्षेत्र का कमल आकृति मंदिर हो रहा है सोशल मीडिया पर मशहूर।

अल्मोड़ा (उत्तराखंड)। कुमाऊं मंडल के अल्मोड़ा जिले में भिकियासैंण तहसील मुख्यालय से करीब 15 किलोमीटर की दूरी पर कमराड़/विनायक क्षेत्र में स्थित खूबसूरत पहाड़ों में बसा हुआ एक दिव्य स्थान मानिला देवी माँ भगवती/दुर्गा के एक रुप मानिला देवी को समर्पित माना जाता है। यहाँ की प्राकृतिक सुंदरता और धार्मिक महत्ता इसे भक्तों के लिए एक महत्वपूर्ण तीर्थस्थल बनाती हैं। मानिला का नव दुर्गा मंदिर आजकल आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यह बुजुर्गों के साथ युवा पीढ़ी को बहुत पसंद आ रहा है।

लोगों द्वारा सोशल मीडिया पर आये दिन चर्चा देखने को मिलती है। यह लोकेशन यूट्यूबर्स और व्लॉगर्स को बहुत पसंद आ रही है। यहाँ पर बहुत सारे उत्तराखंडी वीडियो गीत और फिल्मों की शूटिंग भी कर चुके हैं। नव दुर्गा मंदिर की संरचना एक विशाल ब्रह्म कमल के फूल के आकार की है, जो अपने आप में बहुत ही अनोखी और आकर्षक है। यह कमल सफेद और गुलाबी रंगों में सजा हुआ है, जो दूर से ही देखने में बहुत आकर्षक व सुंदर लगता है। मंदिर के मूल में डंठल नुमा भाग में साधु-संतों का आवास है, उसके ऊपर लगभग 14 फिट गहरा तालाब है। तालाब के ऊपरी भाग में दोनों तरफ फैली कमल की सुंदर गुलाबी पंखुड़ियों के ऊपर अंडाकार भाग में मंदिर के अंदर नौ दुर्गाएं विराजमान हैं।

प्रतिष्ठित प्रतिमाएं अपनी सुंदरता और दिव्यता से हर किसी को मंत्रमुग्ध कर देती हैं। ऐसा लगता है कि मानो माँ स्वयं सजीव रुप में वहाँ विराजमान हों। माता के सिंहासन के पास शीशों की ऐसी अद्भुत व्यवस्था की गई है कि जहाँ तक आपकी नजर जाएगी, वहाँ तक माँ की मूर्ति ही दिखाई देती है। यह अनोखी व्यवस्था भक्तों को खुश और उत्साहित करती है। सफेद और गुलाबी फूलनुमा मंदिर, नीला तालाब, और हरी-सुनहरी कलियों का रंग संयोजन इसे अत्यंत मनमोहक एवं आकर्षक बना रहा है। वर्तमान में यह कमल मंदिर उत्तराखंड में मुख्य आकर्षण का केंद्र बना हुआ है, जिसे देखने मात्र के लिए लोग खींचे चले आते हैं, और मंदिर के साथ अपनी तस्वीर लेना पसंद करते हैं। यात्रा को यादगार बनाने के लिए अपने मित्रों के साथ साझा करते हैं, जिस कारण आजकल सोशल मीडिया के सभी प्लेटफॉर्म पर मंदिर काफी वायरल हो रहा है।

रिपोर्टर- एस. आर. चन्द्रा भिकियासैंण

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *