डॉ. प्रताप बिष्ट राजकीय महाविद्यालय भिकियासैंण बनेगा रोजगार उद्यमिता केंद्र, उद्यमिता करियर के रुप में होगा बेजोड़ विकल्प।
भिकियासैंण। उत्तराखंड उच्च शिक्षा विभाग तथा भारतीय उद्यमिता विकास संस्थान अहमदाबाद के तत्वावधान में विद्यार्थियों एवं युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से फैकल्टी मेंटर डेवलपमेंट प्रोग्राम का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें विभिन्न विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय के प्राध्यापकों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस महत्वाकांक्षी योजना के तृतीय कोहर्ट में राजकीय महाविद्यालय भिकियासैंण रसायन विज्ञान विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. साबिर हुसैन ने दिनांक 28 जुलाई 2024 से 2 अगस्त 2024 तक प्रतिभाग किया।

छः दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में मुख्य रुप से डॉ. सुनील शुक्ला महानिदेशक ईडीआईआई, डॉ. अमित कुमार द्विवेदी प्रोजेक्ट डायरेक्टर, डॉ. पंकज भारती द्वारा साइकोमेट्रिक टेस्ट के माध्यम से, डॉ. राजीव जोशी व सीईओ स्नेहिल देसाई ने उद्यमिता के गुणों से अवगत कराया एवं प्रशिक्षणार्थियों में छिपी विभिन्न प्रतिभाओं के विषय में बताया। उक्त प्रशिक्षण में उत्तराखंड, उच्च शिक्षण संस्थानों से कुल 35 फैकल्टी मेंबर ने प्रतिभाग किया।
उद्यमिता विकास संस्थान अहमदाबाद से प्रशिक्षण लेकर वापस लौटे डॉ. साबिर हुसैन ने बताया कि राजकीय महाविद्यालय भिकियासैंण में देवभूमि उद्यमिता केंद्र के माध्यम से युवाओं को उद्यमिता को रोजगार के विकल्प के रुप में अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा तथा युवाओं व छात्रों की प्रतिभाओं को उजागर कर उन्हें स्वरोजगार यथा डेयरी फार्म, मत्स्य पालन, मशरुम उत्पादन, फ्लोरीकल्चर एवं कीवी तथा अन्य फलोत्पादन के लिए प्रेरित किया जाएगा। साथ ही महाविद्यालय में देवभूमि उद्यमिता केंद्र स्थापित कर बूट कैंप तथा 12 दिवसीय ईडीपी का आयोजन किया जाएगा, जिससे छात्रों व स्थानीय युवाओं में उद्यमिता हेतु नई ऊर्जा एवं नवाचार का संचार होगा।
रिपोर्टर- एस. आर. चन्द्रा भिकियासैंण











