नगर पंचायत भिकियासैंण के श्याम बिष्ट पुन: निर्वाचित हुए पीटीए अध्यक्ष।
भिकियासैंण। उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज भिकियासैंण में विद्यालय की विभिन्न समस्याओं के निराकरण, शैक्षिक उन्नयन के साथ ही विद्यालय विकास के लिए अभिभावक संघ की एक आम बैठक आहूत की गई। इस बैठक में अध्यापकों और अभिभावकों के मध्य छात्र-छात्राओं के शिक्षण सहित सर्वांगीण विकास पर वृहद चर्चा-परिचर्चा हुई। शिक्षकों ने अभिभावकों से छात्रों के पुस्तकों के रखरखाव, गृहकार्य, वेशभूषा आदि पर विशेष ध्यान देने की बात कही।
प्रधानाचार्य बी. आर. भारती ने गतवर्ष का परीक्षाफल और अभिभावक संघ के शुल्क का आय-व्यय विवरण प्रस्तुत रखते हुए विभिन्न कार्य योजनाओं के बारे में बताया।उन्होंने उपस्थित जन समुदाय से विद्यालय विकास और छात्रों की शिक्षा उन्नयन के लिए पूर्ण सहयोग देने की अपील की। निवर्तमान पीटीए अध्यक्ष श्याम सिंह बिष्ट ने एक वर्ष के कृत कार्यों का ब्यौरा प्रस्तुत किया तथा नई कार्यकारिणी के गठन से पूर्व पुरानी कार्यकारिणी भंग करने की घोषणा की। उपस्थित अभिभावकों ने सर्वसम्मिति से श्याम सिंह बिष्ट को पुनः अध्यक्ष निर्वाचित किया। नव गठित कार्यकारिणी में उपाध्यक्ष प्रधानाचार्य बी. आर. भारती, सचिव सतीशचंद्र, उपसचिव किरन बिष्ट, कोषाध्यक्ष खीमा देवी चुनी गई। विद्यालय प्रबन्धन समिति में भी दूसरी बार अध्यक्ष ललितनाथ, सचिव पदेन प्रधानाचार्य चुने गए। भवानी राम सचिव रहेंगे। विद्यालय विकास प्रबंधन समिति में अध्यक्ष पदेन प्रधानाचार्य बी. आर. भारती, सचिव प्रेमराम, सदस्यों में राजेन्द्र सिंह, सतीश चंद्र, रविन्द्र सिंह, तारादत्त पन्त होंगे।
वहीं पीटीए की नवगठित कार्यकारिणी सदस्यों ने विद्यालय में सफाई के लिए स्वच्छक और परिचारक की नियुक्ति के लिए जोर देते हुए कहा कि सरकार द्वारा स्वच्छ भारत अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन विद्यालयों में स्वच्छकों का नितान्त अभाव बना हुआ है। स्कूलों में नौनिहालों को शिक्षण की बजाय स्वच्छता कार्यों में लगाया जाना खेदजनक है। एकमात्र महिला परिचारक के अवकाश पर चले जाने पर घण्टी बजाना और कक्षा खोलने व बन्द करने का कार्य भी छात्रों के जिम्मे रहता है। इसके लिए उच्च अधिकारियों से पत्रव्यवहार किया जाएगा। कार्यक्रम का संचालन बालादत्त शर्मा द्वारा किया गया।