एसएसपी अल्मोड़ा के निर्देशन में अल्मोड़ा पुलिस चला रही है जनजागरुकता अभियान।

अल्मोड़ा। पुलिस के थाना धौलछीना ने राजकीय कन्या इंटर कॉलेज बाड़ेछीना में जागरुकता अभियान चलाया। श्री देवेन्द्र पींचा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा द्वारा जनपद के समस्त प्रभारी निरीक्षकों/थानाध्यक्षों, एसओजी/एएनटीएफ प्रभारियों को जनपद के स्कूलों, कॉलेजों, नगर, कस्बों, ग्रामीण क्षेत्रों में वृहद जनजागरुकता अभियान चलाकर साइबर क्राइम, नशे से बचने, महिला उत्पीड़न संबंधी अपराधों, सुरक्षा संबंधी हेल्पलाइन नम्बरों व नवीन कानूनों के बारे में जानकारी देकर जागरुक करने के निर्देश दिये गये हैं।

इसी क्रम में सीओ अल्मोड़ा श्री विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण व थानाध्यक्ष धौलछीना विजय नेगी के नेतृत्व में द्वाराहाट पुलिस उपनिरीक्षक श्रीमती पूनम रावत द्वारा राजकीय कन्या इंटर कॉलेज बाड़ेछीना में साईबर अपराध, महिला सुरक्षा सम्बन्धी कानून व अपराधों से बचने के लिए विभिन्न टॉल फ्री नम्बरों के सम्बन्ध में जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

साइबर अपराध जागरुकता –
वर्तमान में विभिन्न माध्यमों से घटित हो रहे साईबर क्राईम के प्रति जागरुक करते हुए फोन कॉल पर किसी भी व्यक्ति को अपने बैंक खाता, एटीएम कार्ड, ओटीपी आदि की जानकारी नहीं देने और किसी अंजान लिंक व क्यूआर कोड को स्कैन न करने के बारे में बताते हुए सुरक्षा के अन्य तरीके बताए गए तथा इस जानकारी को अन्य लोगों तक पहुंचाकर उनको जागरुक करने हेतु प्रेरित किया गया।

नशा मुक्त अभियान जागरुकता –
अभियान के तहत उपस्थित छात्राओं व स्कूल स्टॉफ को नशे के दुष्परिणामों के बारे में आगाह करते हुए कभी नशा न करने की प्रेरणा दी गई और अपने परिजनों, दोस्तों को नशे के दुष्परिणामों के बारे में जागरुक करने के लिये प्रेरित किया गया। साथ ही बताया गया कि यदि आपके मोहल्ले, गांवों में कोई नशे से सम्बंधित सामान बेचता है तो पुलिस को तत्काल सूचना पुलिस हेल्प लाईन नंबर 112 में दी जाएं।

महिलाओं/बाल अपराधों के प्रति किया जागरुक –
इस दौरान छात्राओं व स्कूल स्टॉफ को महिलाओं/बाल अपराधों से सम्बन्धित अपराध, यौन उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, मानव तस्करी आदि के बारे में बताकर उनके अधिकारों/कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई तथा सोशल मीडिया के प्रयोग के सम्बन्ध में जागरुक करते हुए किसी भी अंजान व्यक्ति से बात नहीं करने और अपनी निजी जानकारी किसी से शेयर नहीं करने हेतु बताया गया।

गौरा शक्ति –
छात्राओं व स्कूल स्टॉफ को उनकी सुरक्षा के प्रति सजग करते हुए गौरा शक्ति माँड्यूल व इसकी उपयोगिता के बारे में जानकारी देकर गौरा शक्ति में रजिस्ट्रेशन करवाया गया तथा विषम परिस्थितियों में इसका उपयोग करने हेतु बताया गया।

हेल्प लाइन नंबर –
सभी छात्राओं व स्कूल स्टॉफ को नजदीकी थाना/चौकी के हेल्पलाइन नंबर व पुलिस हेल्पलाइन नंबर डायल 112, साईबर क्राईम हेल्पलाईन नंबर 1930, महिला हेल्पलाईन नंबर 1090, चाईल्ड हेल्पलाईन नंबर 1098 की जानकारी दी गई और कोई भी समस्या/शिकायत होने पर तत्काल सूचना देने हेतु बताया गया।

नवीन कानूनों की जागरुकता –
इसके अतिरिक्त भारत सरकार द्वारा अधिनियमित तीन नये कानूनों भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता एवं भारतीय साक्ष्य अधिनियम के सम्बन्ध में भी विस्तृत जानकारी देकर जागरुक किया गया।

रिपोर्टर- एस. आर. चन्द्रा भिकियासैंण

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *