डॉ. प्रताप बिष्ट राजकीय महाविद्यालय भिकियासैंण में रंगारंग कार्यक्रमों के साथ मनाया गया राष्ट्रीय सेवा योजना स्थापना दिवस।
भिकियासैंण। डॉ. प्रताप बिष्ट राजकीय महाविद्यालय भिकियासैंण में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा राष्ट्रीय सेवा योजना स्थापना दिवस मनाया गया। इस अवसर पर एक दिवसीय सामान्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ. कौशल कुमार की अध्यक्षता में एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. दीपा लोहनी द्वारा संचालित किया गया। कार्यक्रम का विधिवत् शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। तत्पश्चात् प्रिया नैलवाल व टीम द्वारा सरस्वती वंदना एवं अदिति शर्मा व टीम द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया।
इसी क्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना द्वारा लक्ष्यगीत का गायन कर कार्यक्रम को आगे बढ़ाया गया। स्थापना दिवस के अवसर पर स्वयंसेवियों द्वारा विभिन्न रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। गीता व उनकी टीम ने कुमाऊंनी लोक नृत्य प्रस्तुत कर समां बांध दिया। हेमा द्वारा कुमाऊंनी-गढ़वाली लोकनृत्य की शानदार प्रस्तुत दी गई। झोड़ा गायन जो स्थानीय संस्कृति की पहचान है की मनमोहक प्रस्तुति, ज्योति व उनकी टीम द्वारा दी गई। स्वयंसेवी ज्योति ने ‘देश मेरा रंगीला’ गीत पर सुंदर नृत्य प्रस्तुत किया। दीपक सिंह व मोहित द्वारा देशभक्ति गीत गाए गए। तदुपरांत विचार गोष्ठी आयोजित की गई। महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ. कौशल कुमार ने एनएसएस स्थापना दिवस पर शुभकामनाएं देते हुए स्वयंसेवियों को एनएसएस की महत्ता व उद्देश्यों से अवगत कराकर उनके कर्तव्यों का बोध कराया।
डॉ. दीपा लोहनी ने स्वयंसेवियों को एनएसएस स्थापना दिवस के इतिहास, उद्देश्य, महत्व आदि के विषय में अवगत कराया। इस अवसर पर डॉ. सुभाष चंद्र, डॉ. साबिर हुसैन, डॉ. जोगेंद्र चन्याल, शेर सिंह आदि ने अपने विचार व्यक्त कर स्वयंसेवियों को निःस्वार्थ भाव से समाज सेवा करने के लिए प्रेरित किया। तत्पश्चात दीपक सिंह, प्रिया नैलवाल, मोहित आदि स्वयंसेवियों ने स्वच्छता पर आधारित पोस्टर व स्लोगन बनाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके उपरांत श्रमदान किया गया। संचालन स्वयंसेवी हर्षिता व कविता नैलवाल द्वारा संयुक्त रुप से किया गया। एनएसएस स्थापना दिवस के इस अवसर पर समस्त प्राध्यापक, कर्मचारी व स्वयंसेवी उपस्थित रहे।



