सड़क सुरक्षा के मामलों में शिथिलता न बरते अधिकारी – जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडेय।
अल्मोड़ा। जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडेय की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन बीते शनिवार सायं किया गया। इस बैठक में सड़क सुरक्षा से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई और जिलाधिकारी द्वारा आवश्यक निर्देश जारी किए गए।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) को निर्देशित किया कि शराब पीकर वाहन चलाने (ड्रिंक एंड ड्राइव) के मामलों में संबंधित वाहनों को तुरंत जब्त (सीज) किया जाएं। उन्होंने सड़क पर बढ़ते अतिक्रमण पर भी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि अतिक्रमण को तत्काल हटाया जाना चाहिए ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु हो सकें। साथ ही जिलाधिकारी ने वाहनों में ओवरलोडिंग की समस्या को गंभीरता से लेते हुए कहा कि किसी भी वाहन में तय सीमा से अधिक सवारियों या सामान की ढुलाई न हों। ओवरलोडिंग से सड़क दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है, इसलिए इस पर सख्त कार्रवाई की जाएं।
जिलाधिकारी ने सभी टैक्सी चालकों के लिए एक ड्रेस कोड लागू करने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि टैक्सी यूनियन के साथ मिलकर एक ऐसा ड्रेस कोड तय किया जाएं, जिसमें हर चालक का नाम स्पष्ट रुप से अंकित हों। इससे यात्रियों के साथ संवाद और सुरक्षा में सुधार होगा। जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों को भी निर्देश दिया कि आपदा के कारण क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की जल्द से जल्द मरम्मत की जाएं ताकि यातायात में बाधा न आएं और नागरिकों को असुविधा का सामना न करना पड़े।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि सड़क दुर्घटनाओं के दौरान घायल व्यक्तियों को समय पर उचित उपचार मिलना अनिवार्य है। इसके लिए इमरजेंसी सेवाओं में सुधार के निर्देश दिए गए। 108 एम्बुलेंस सेवाओं को और प्रभावी बनाने के लिए पर्याप्त संख्या में एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी, साथ ही उनकी नियमित मेंटेनेंस भी की जाएगी ताकि आपात स्थिति में वे हमेशा तत्पर रहें। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सड़क सुरक्षा के इन उपायों को जल्द से जल्द अमल में लाएं, ताकि जिले में यातायात व्यवस्था में सुधार हो सके और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकें। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र पींचा, अधीक्षण अभियंता पीडब्ल्यूडी जेएस ह्यांकी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी आर. सी. पंत, संभागीय परिवहन अधिकारी अनिता चन्द्र एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।



