11 सूत्रीय मांगों को लेकर इकूखेत में क्रमिक अनशन हुआ शुरु, विभिन्न संगठनों के लोग रहे मौजूद।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। तहसील स्याल्दे के दूरस्थ क्षेत्र इकूखेत में उत्तराखंड जन कल्याण समिति का 11 सूत्रीय मांगों को लेकर क्रमिक अनशन आज सोमवार से शुरु हो गया है। इस दौरान ग्रामीणों ने इकूखेत बाजार में जमकर नारेबाजी के साथ जुलूस निकाला। साथ ही आन्दोलन स्थल पर पहुंचे तहसीलदार स्याल्दे दिवान गिरी गोस्वामी को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा है।

पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सोमवार को सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, विद्युत, जंगली व निराश्रित पशुओं की समस्या सहित उत्तराखंड राज्य की स्थाई राजधानी गैरसैंण, सशक्त भू-कानून व मूल निवास लागू करने आदि 11 सूत्रीय मांगों को लेकर पहले दिन क्रमिक अनशन में समिति अध्यक्ष सुनील टम्टा, सरपंच जगत सिंह रावत, देव सिंह रावत, प्रेम राम, मान सिंह बिष्ट बैठे। आन्दोलन स्थल पर पहुंचकर विभिन्न संगठनों, प्रधानों ने आन्दोलन को अपना पूर्ण समर्थन दिया है। इस दौरान सभा में वक्ताओं ने कहा अनेकों बार क्षेत्र की समस्याओं के निराकरण की मांग शासन-प्रशासन से की गई, लेकिन आज तक क्षेत्र की उपेक्षा ही हाथ लगी है। अब एकजुटता से आन्दोलन को मुकाम पर पहुंचाया जाएगा। इस दौरान अखिल भारतीय किसान महासभा प्रदेश अध्यक्ष आनंद सिंह नेगी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य नारायण सिंह रावत, पूर्व ज्येष्ठ उप प्रमुख भूपाल सिंह, समिति अध्यक्ष सुनील टम्टा, बीडीसी सदस्य विजय उनियाल, प्रधान राजे सिंह, प्रताप सिंह, आरती, आनंद राम, लखपत सिंह, राजेंद्र चौधरी, हीरा बल्लभ, बचीराम, तुलसीराम, शारदा, सविता आदि भारी संख्या में लोग मौजूद रहे।



