डॉ. प्रताप बिष्ट राजकीय महाविद्यालय भिकियासैंण में ‘स्वच्छता ही सेवा अभियान 2024’ के अंतर्गत मनाया गया ‘स्वच्छ भारत दिवस’।

भिकियासैंण। डॉ. प्रताप बिष्ट राजकीय महाविद्यालय भिकियासैंण की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के तत्वावधान में ‘स्वच्छता ही सेवा अभियान’ के तहत ‘स्वच्छ भारत दिवस’ कार्यक्रम उल्लासपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रुप में भूतपूर्व ग्राम प्रधान नंदन सिंह बिष्ट उपस्थित रहे। कार्यक्रम का विधिवत् शुभारंभ माँ सरस्वती, महात्मा गांधी जी व लाल बहादुर शास्त्री जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया। तत्पश्चात् स्वयंसेवियों द्वारा सरस्वती वंदना व स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। स्वयंसेवियों ने राष्ट्रीय सेवा योजना लक्ष्यगीत का गायन किया। तत्पश्चात महाविद्यालय की स्वयंसेवी छात्राओं द्वारा ‘स्वच्छता की ज्योत जागी रे’ गीत पर सुंदर नृत्य प्रस्तुत किया गया।

स्वयंसेवी मोहित ने कविता के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया। मुख्य अतिथि नंदन सिंह बिष्ट ने अपने सम्बोधन में गांधी जयंती व शास्त्री जयंती की शुभकामनाएं देते हुए बताया कि स्वस्थ समाज के लिए स्वस्थ्य पर्यावरण आवश्यक है। इसके पश्चात राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी डॉ. दीपा लोहनी ने स्वच्छता ही सेवा अभियान 2024 के अंतर्गत दिनांक 17 सितंबर 2024 से 2 अक्टूबर 2024 तक आयोजित कार्यक्रमों की आख्या प्रस्तुत की। महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ. विश्वनाथ पांडे ने स्वयंसेवियों को गांधी जी व शास्त्री जी के व्यक्तित्व और कृतित्व से अवगत कराया। साथ ही दैनिक जीवन में स्वच्छता को अपनाने एवं अपने आस-पास के परिवेश को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर ‘स्वच्छता ही सेवा अभियान 2024’ के तहत महाविद्यालय में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिता में स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत कर प्रोत्साहित किया गया। तत्पश्चात ‘स्वच्छता के लिए श्रमदान’ किया गया। कार्यक्रम महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ. विश्वनाथ पांडे की अध्यक्षता में एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. दीपा लोहनी द्वारा संचालित किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी, स्वयंसेवी एवं अन्य छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

रिपोर्टर- एस. आर. चन्द्रा भिकियासैंण

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *