सरयू/पनार पुल के पास स्कूटी डिस्बैलेंस होने पर सरयू नदी में गिरी पिथौरागढ़ निवासी युवती, तलाश के लिए अल्मोड़ा, पिथौरागढ़ पुलिस टीम व SDRF टीमों का सर्च अभियान जारी।
अल्मोड़ा। बजेठी पिथौरागढ़ निवासी 2 युवतियाँ किरन उम्र 26 वर्ष पुत्री स्व. कैलाश राम व संगीता उम्र 23 वर्ष पुत्री उमेद राम हाट कालिका मंदिर गंगोलीहाट से स्कूटी से अपने घर जा रही थी, सायं समय लगभग 07.00 बजे सरयू/पनार पुल क्रॉस करने के बाद मोड़ पर स्कूटी डिस्बैलेंस होने से छिटककर किरन सड़क से लगभग 10 मीटर नीचे सरयू नदी में जा गिरी और उसकी साथी संगीता झाड़ियों में फंस गई थी। संगीता को पुलिस टीम द्वारा सकुशल बचा लिया गया। पिथौरागढ़ पुलिस की थाना गंगोलीहाट व अल्मोड़ा पुलिस की थाना दन्या टीम और SDRF टीम द्वारा स्थानीय लोगों के साथ मिलकर संयुक्त सर्च अभियान चलाया गया।
पानी का बहाव तेज तथा अंधेरा होने के कारण सर्च अभियान में बाधा उत्पन्न हो रही थी। देर रात्रि तक चले सर्च अभियान में युवती का पता नहीं चल पाया। कल प्रातः से अल्मोड़ा पुलिस की थाना दन्या व पिथौरागढ़ पुलिस की थाना गंगोलीहाट और अल्मोड़ा, पिथौरागढ़ की SDRF टीमों द्वारा पुनः सर्च अभियान चलाया जा रहा है, अभी तक युवती का पता नहीं चल पाया है। युवती के परिजन भी रेस्क्यू टीमों के साथ है। रेस्क्यू अभियान जारी है।



