जनपद स्तरीय विज्ञान महोत्सव में कृष्णा परिहार ने जूनियर वर्ग में प्राप्त किया द्वितीय स्थान।
अल्मोड़ा। राजकीय इंटर कॉलेज चौमूधार विकासखंड ताड़ीखेत, अल्मोड़ा के कक्षा 8 के छात्र कृष्णा परिहार ने विद्यालय की विज्ञान शिक्षिका श्रीमती पूजा जांगी के मार्गदर्शन में जनपद स्तरीय विज्ञान महोत्सव में विज्ञान प्रदर्शनी के अंतर्गत जूनियर वर्ग में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। कृष्णा ने जूनियर वर्ग के अंतर्गत विज्ञान प्रदर्शनी में प्राकृतिक खेती विषय पर अपना मॉडल प्रस्तुत किया, जिसमें उन्होंने बताया कि किस प्रकार हम प्राकृतिक खेती को अपनाकर वर्तमान में मानव को विभिन्न प्रकार की खतरनाक बीमारियों के दुष्प्रभाव से बचा सकते है।
प्राकृतिक खेती वह खेती है, जिसमें कीटनाशकों व रासायनिक उर्वरकों का प्रयोग नहीं किया जाता है और पारंपरिक गोबर, नीम के पत्ते, पेड़ पौधों की सूखी छाल और विभिन्न प्रकार के पौधों के सूखे पत्तों को सुखा करके उर्वरक के रुप में तैयार किया जाता है। यह पद्धति पर्यावरण के अनुकूल है तथा फसलों के उत्पादन में लगने वाली लागत को कम करने में बहुत ही कारगर है। इससे पूर्व उन्होंने विकासखंड ताड़ीखेत स्तर पर आयोजित विज्ञान महोत्सव में भी द्वितीय स्थान प्राप्त किया था।
वह राज्य स्तर पर आयोजित होने वाले विज्ञान महोत्सव के अन्तर्गत विज्ञान प्रदर्शनी में प्राकृतिक खेती विषय पर अपना मॉडल 8 नवंबर 2024 को देहरादून में प्रस्तुत करेंगे। उनकी इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री प्रशांत लोहनी, विज्ञान मार्गदर्शिका श्रीमती पूजा जांगी आदि ने खुशी व्यक्त की है।
रिपोर्टर- एस. आर. चन्द्रा भिकियासैंण























