पूरे देश भर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया दीपावली का त्यौहार।
नई दिल्ली। देशभर में हर्षोल्लास के साथ दीपावली का त्यौहार मनाया गया। इस अवसर पर रंग-बिरंगी रोशनी से इमारतों एवं घरों को सजाया गया तथा दीये जलाये गए। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सैनिकों के साथ यह त्यौहार मनाने की परंपरा जारी रखते हुए भारत-पाकिस्तान सीमा के निकट, गुजरात के कच्छ जिले में सर क्रीक का दौरा किया और जवानों को मिठाई खिलाई।
देशभर में दीपावली का त्यौहार कोई बड़ी अप्रिय घटना के बिना मनाया गया। हालांकि, उत्तर प्रदेश में बदायूं के मुजरिया इलाके में एक ट्रैक्टर ने एक टेंपो को टक्कर मार दी, जिसमें एक ही परिवार के चार सदस्यों समेत छह लोगों की मौत हो गई। उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर के वनटांगिया गाँव में वनवासियों के साथ दीपावली मनाई। राष्ट्रीय राजधानी में जब लोग सुबह जगे तो आसमान में धुंध की मोटी चादर छाई हुई थी। राष्ट्रीय राजधानी के आनंद विहार में हवा सबसे अधिक प्रदूषित रही और वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) गंभीर श्रेणी में दर्ज किया गया।
उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सेना के जवानों के साथ दीपावली मनाने के लिए लैंसडाउन छावनी का दौरा किया। उन्होंने कहा कि वह इस अवसर पर जवानों के साथ होने पर ‘‘सौभाग्यशाली’’ महसूस कर रहे है। वहीं कुमाऊँ-मंडल द्वार के हल्द्वानी सहित नीचे पहाड़ी क्षेत्रों में कई जिलों में दो दिवसीय दीपावली त्यौहार हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। राजस्थान में भी दीपावली का त्यौहार पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया। जयपुर सहित सभी शहरों व कस्बों के प्रमुख बाजारों में देर शाम तक चहल-पहल रही और लोग नए कपड़े, मिठाई, पटाखे और अन्य त्यौहारी सामान खरीदने के लिए पहुंचते रहे। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने केंद्र शासित प्रदेश के लोगों को दीपावली के अवसर पर शुभकामनाएं दी। तेलंगाना के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा, मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी, केंद्रीय कोयला मंत्री किशन रेड्डी, भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के अध्यक्ष के. चंद्रशेखर राव और अन्य नेताओं ने लोगों को दीपावली की शुभकामनाएं दी। तमिलनाडु में भी बृहस्पतिवार को दीपावली का त्यौहार हमेशा की तरह धूमधाम से मनाया गया। लोगों ने नये कपड़े पहने और रोशनी के त्यौहार को मनाने के लिए पटाखे जलाएं। हरियाणा और पंजाब में भी दीपावली का त्यौहार बड़े उत्साह, उमंग और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
रिपोर्टर- एस. आर. चन्द्रा भिकियासैंण







































