मुखानी में तीन मंजिला फर्नीचर शोरुम में लगी आग, लाखों का हुआ नुकसान।

हल्द्वानी (नैनीताल)। हल्द्वानी के मुखानी थाना क्षेत्र स्थित एक तीन मंजिला फर्नीचर शोरुम में गुरुवार रात अचानक आग लग गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम और मुखानी पुलिस मौके पर पहुंच गई। शटर और दरवाजे तोड़कर पुलिस ने आग पर काबू करने का प्रयास किया और दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक शोरुम के अंदर रखा माल जलकर राख हो गया था। फर्नीचर कारोबारी गर्भित बुधलाकोटी की मुखानी चौराहे के पास जीजे इंटरप्राइजेज के नाम से शोरुम है। तीन मंजिला शोरुम के निचले तल पर फर्नीचर टाउन और द्वितीय तल पर बुधलाकोटी इंटरप्राइजेज के नाम से व्यापार है।

जानकारी के मुताबिक गुरुवार की शाम शोरुम बंद कर सभी घर को चले गए थे। रात करीब 8:30 बजे एक पड़ोसी ने शटर के नीचे से धुआं निकलता देखा। उसने फौरन गर्भित को फोन किया, लेकिन कई कॉल के बाद भी जब उनका फोन नहीं उठा तो पड़ोसी ने दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना पर मुख्य अग्निशमन अधिकारी गौरव किरार दमकल की टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। मुख्य सड़क की ओर का शटर किसी तरह खोला गया, लेकिन अंदर धुंआ भरा था, जिसकी वजह से दमकल की टीम अंदर नहीं जा सकी इसलिए टीम शोरुम के पिछले हिस्से में पहुंची, जहां से आग लगी थी। यहां दो शटर और एक दरवाजा तोड़ा गया। यहाँ भी आग और धुएं की वजह से टीम अंदर नहीं जा सकी, जिसके बाद दो कर्मी मास्क पहन कर अंदर दाखिल हुए, और तब जाकर आग बुझाने का काम शुरु हो सका। आग दूसरी मंजिल तक पहुंच चुकी थी। आग को काबू करने के लिए दमकल की टीम ने दूसरी मंजिल पर लगी कांच की दीवार को तोड़ा और करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। अग्निकांड में करीब सवा करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी गौरव किरार ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

रिपोर्टर- एस. आर. चन्द्रा भिकियासैंण

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *