भीमताल बस हादसे में इलाज के दौरान एसटीएच में बीएससी नर्सिंग की छात्रा ने तोड़ा दम।

हल्द्वानी। भीमताल हादसे में आज सुबह 4 बजे एक गंभीर घायल युवती ने एसटीएच मे दम तोड़ दिया है। बस हादसे में एक बच्चे समेत पाँच लोगों की जान पहले ही जा चुकी है। बुधवार को पिथौरागढ़ से हल्द्वानी की ओर आ रही एक रोडवेज बस भीमताल के पास आमडाली में गहरी खाई में गिर गई थी।

बताया जा रहा है कि बस हादसे में घायल दीक्षा प्रकाश 21 वर्ष पुत्री कैलाश प्रकाश निवासी दमुवाढुंगा हल्द्वानी पिथौरागढ़ में बीएससी नर्सिंग तृतीय वर्ष की छात्रा थी। बुधवार को वह भी बस में बैठकर हल्द्वानी आ रही थी। बस दुर्घटना में घायल होने के बाद उसे सुशीला तिवारी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। बताया जा रहा है कि उसके सिर में अत्यधिक चोट लगने के कारण रात को ही ऑपरेशन कर खून चढ़ा दिया गया था, लेकिन गुरुवार सुबह 4:00 बजे इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मृतक का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया।

शव जैसे ही घर पहुंचा माँ इन्दिरा देवी, बहिन भूमिका प्रकाश, भाई आदित्य प्रकाश अन्य सभी परिजन रो-रो कर बेहोश हो गए। माँ ने बताया कि अन्तिम बात बिटिया से बुधवार 12 बजे हुई थी। आज मृतका का चित्रशिला घाट हल्द्वानी में गमगीन माहौल में अन्तिम संस्कार किया गया। वहीं अन्तिम संस्कार में शमशान घाट में पहुंची क्लासमेट बुसरा निवासी जसपुर ने भी साथी के अन्तिम दर्शन किए। वहीं चित्रशिला शमशान घाट में बस दुर्घटना में मृतक खड़क सिंह व गंगा धामी (दोनों पति-पत्नी) निवासी की व दीक्षा प्रकाश की चिता अगल-बगल जलती रही।
रिपोर्टर- एस. आर. चन्द्रा भिकियासैंण












