एमबीपीजी कॉलेज में उच्च शिक्षा विभाग में सूचना आयुक्त की समीक्षा बैठक हुई आयोजित।
हल्द्वानी। विगत शुक्रवार को दोपहर 12:00 बजे से एमबी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय हल्द्वानी नैनीताल के लाल बहादुर शास्त्री बहुउद्देशीय भवन में लोक सूचना अधिकार अधिनियम के क्रियान्वयन के संबंध में राज्य सूचना आयुक्त के समक्ष समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
उक्त बैठक में मुख्य अतिथि योगेश भट्ट माननीय राज्य सूचना आयुक्त उत्तराखंड रहे तथा विशिष्ट अतिथि प्रोफेसर आर. एस. भाकुनी उपनिदेशक उच्च शिक्षा रहे। अध्यक्षता प्रोफेसर एन. एस. बनकोटी प्राचार्य एमबी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय हल्द्वानी द्वारा की गई। बैठक का शुभारंभ सभी अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। महाविद्यालय के सहायक लोक सूचना अधिकारी प्रोफेसर एस. के. श्रीवास्तव द्वारा मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि एवं सभी अतिथियों का परिचय दिया गया। तत्पश्चात महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर एन. एस. बनकोटी द्वारा सभी का स्वागत किया गया।

मुख्य अतिथि योगेश भट्ट राज्य लोक सूचना आयुक्त द्वारा विभिन्न राजकीय महाविद्यालय से पधारे प्राचार्य तथा सहायक लोक सूचना अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेते हुए कहा कि सूचना अधिकार अधिनियम को वर्ष 2005 से अद्यतन 20 वर्ष पूर्ण हो चुके है, किंतु इसके क्रियान्वयन में तथा इसके विषय में सामान्य जनमानस को जागरुक करना आज भी चुनौतीपूर्ण है। इस अवसर पर विभिन्न राजकीय महाविद्यालय से पधारे प्राचार्य द्वारा लोक सूचना अधिकार अधिनियम से संबंधित विभिन्न प्रश्न भी पूछे गए जिनके निराकरण के विषय में चर्चा की गई।
योगेश भट्ट ने बताया कि सूचना अधिकार अधिनियम के सफल संचालन के लिए सबसे महत्वपूर्ण अभिलेखों का संरक्षण व उचित प्रबंधन होता है। एक उत्कृष्ट कार्यालय वह है जो अपने विभाग से जुड़ी प्रत्येक इकाई के समस्त अभिलेखों को व्यवस्थित एवं संरक्षित रखता है। अभिलेखों को व्यवस्थित एवं संरक्षित रखना ही गुड गवर्नेंस है। विशिष्ट अतिथि प्रोफेसर आर. एस. भाकुनी उपनिदेशक उच्च शिक्षा द्वारा सभी का धन्यवाद किया गया। लोक सूचना अधिकार से संबंधित प्रकरणों को शीघ्र निस्तारित करने हेतु अनुरोध किया गया।
कार्यक्रम का संचालन आयोजक सचिव डॉक्टर नवल किशोर लोहनी सहायक प्राध्यापक भौतिक विज्ञान विभाग द्वारा किया गया। समीक्षा बैठक में कुमाऊँ मंडल के विभिन्न महाविद्यालय से 55 प्राचार्य तथा 15 सहायक लोक सूचना अधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रोफेसर सी. एस. नेगी, प्रोफेसर प्रेम प्रकाश, प्रोफेसर अशोक कुमार, नवीन शर्मा, कमलेश चुफाल आदि मौजूद रहे।



