भारत ज्ञान विज्ञान समिति के तत्वावधान में महान वैज्ञानिक सी. वी. रमन की खोज को याद कर बच्चों ने किए विज्ञान के छोटे-छोटे प्रयोग।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। सी. वी. रमन जी के महान खोज पर राष्ट्रीय विज्ञान दिवस मनाए जाने को याद करते हुए बच्चों ने भारत ज्ञान विज्ञान समिति जिला इकाई अल्मोड़ा के तत्वावधान में राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय बासोट, क्षेत्र – भिकियासैंण (अल्मोड़ा) में बच्चों द्वारा विविध छोटे-छोटे विज्ञान के प्रयोगों के प्रस्तुतीकरण के साथ विज्ञान हमारे लिए किस प्रकार से उपयोगी है, को विज्ञान प्रयोगों के माध्यम से समझने का प्रायोगिक प्रयास किया गया।

कार्यक्रम के समन्वयक नवाचारी विज्ञान शिक्षक कृपाल सिंह शीला ने बच्चों को भारत के महान वैज्ञानिक सी. वी. रमन जी के कृतित्व पर बात रखते हुए उनके द्वारा 28 फरवरी 1928 को की गई महान खोज “रमन प्रभाव” के उपलक्ष्य में प्रतिवर्ष 28 फरवरी को “राष्ट्रीय विज्ञान दिवस” मनाए जाने व भारत सरकार द्वारा 1986 में “राष्ट्रीय विज्ञान दिवस” मनाने की घोषणा के संबंध में जानकारी देने के साथ विज्ञान की हमारे लिए उपयोगिता पर बात रखी गई। महान वैज्ञानिक सी. वी. रमन को 1930 में “रमन प्रभाव” के लिए नोबेल पुरस्कार दिया गया। उनके इस योगदान को याद करते हुए बच्चों ने बहुत से छोटे-छोटे विज्ञान प्रयोगों का प्रस्तुतिकरण किया।
दीपक देशवाल ने पदार्थों के पृथ्वकरण की विधियों, मोहित भंडारी ने पुष्प के भाग, तनु ने रासायनिक परिवर्तन, रक्षिता ने भौतिक परिवर्तन, प्रिन्स नेगी ने पारदर्शी, अपारदर्शी, अर्द्ध पारदर्शी, भगीरथ प्रकाश ने प्रकाश सीधी रेखा में चलता है व कामना द्वारा वर्षामापी यंत्र पर अपनी बात रखी गई। सभी बच्चों ने बड़े रुचि के साथ अपने विज्ञान प्रयोंगों का सहज प्रायोगिक प्रस्तुतिकरण किया। हर्षिता द्वारा विज्ञान से हमारी जीवन शैली में क्या-क्या बदलाव आए है, इस पर अपनी बात रखी गई। मंचस्थ अतिथियों में बाल विज्ञानी मोहित भंड़ारी, कामना उप्रेती, भगीरथ प्रकाश व शिक्षिका निकिता व गीता उप्रेती द्वारा भी विज्ञान की हमारे जीवन में उपयोगिता पर अपनी बात रखी गई। सभी प्रतिभागी बच्चों को बाल पत्रिका और लेखन सामग्री प्रदान कर सम्मानित किया गया। विज्ञान के छोटे-छोटे प्रयोगों के सुंदर प्रायोगिक प्रस्तुतिकरण के लिए कार्यक्रम समन्वयक व भारत ज्ञान विज्ञान समिति के जिला सचिव कृपाल सिंह शीला द्वारा सभी प्रतिभागियों व शिक्षकों का आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर विवेक, हर्षिता, सोम्या, आरुष, तनिष्का, खुशी, नितिन, कार्तिक, गायत्री, करन, मानस, भूमिका आदि उपस्थित थे।
रिपोर्टर- एस. आर. चन्द्रा भिकियासैंण



