राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर के द्वितीय दिवस सड़क सुरक्षा और स्वच्छता जागरुकता अभियान का सफल आयोजन।
हल्द्वानी (नैनीताल)। राजकीय महाविद्यालय हल्द्वानी शहर किशनपुर गौलापार के प्रकोष्ठ राष्ट्रीय सेवा योजना के सात दिवसीय विशेष शिविर के द्वितीय दिवस का शुभारंभ सभी स्वयंसेवकों द्वारा प्रातः कालीन योगाभ्यास, प्रार्थना सभा एवं लक्ष्य गीत के साथ किया गया। तत्पश्चात सभी स्वयंसेवियों ने सुबह का नाश्ता किया। शारीरिक श्रम सत्र के अंतर्गत सभी स्वयंसेवियों द्वारा ग्राम बसंतपुर में सड़क सुरक्षा जागरुकता एवं स्वच्छता जागरुकता अभियान चलाते हुए समस्त ग्रामवासियों को जागरुक किया। स्वयंसेवियों द्वारा सड़क सुरक्षा थीम पर आधारित रैली भी संबंधित ग्राम में निकाली गई।
शिविर के बौद्धिक सत्र में महाविद्यालय के संरक्षक एवं प्राचार्य प्रोफेसर संजय कुमार द्वारा औचक निरीक्षण कर स्वयंसेवियों के साथ भोजन किया गया और आज के कार्यक्रम की गतिविधियों के बारे में जानकारी हासिल की गई। बौद्धिक सत्र में मुख्य संदर्भ दाता के रुप में उपस्थित वरिष्ठ समाजसेवी प्रकाश बिष्ट द्वारा स्वयंसेवियों को केंद्र सरकार एवं राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने सभी स्वयंसेवियों को स्वावलंबी बनने पर जोर देते हुए विशेष रुप से अपने विचार व्यक्त किए।
आज स्वयंसेवियों को दिन के खाने में स्वादिष्ट दाल, चावल, मिक्स वेज, रोटी, अचार एवं सलाद दिया गया। शाम को आयोजित सांस्कृतिक सत्र में सभी स्वयंसेवियो ने विभिन्न प्रस्तुतियाँ दी, जिसमें कुमाऊंनी नृत्य व बॉलीवुड नृत्य आदि प्रस्तुत किए गए। शिविर का सफल संचालन कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अर्चना जोशी द्वारा किया गया। सहायक कार्यक्रम अधिकारी डॉक्टर किरन जोशी एवं गौरव जोशी द्वारा कार्यक्रम के सभी सत्रों में अपना अमूल्य योगदान दिया गया। आज की व्यवस्था एवं कार्यक्रम के संचालन में शिक्षणेत्तर कर्मचारी नरेंद्र सिंह मर्तोलिया, अशोक कुमार ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
रिपोर्टर- एस. आर. चन्द्रा भिकियासैंण








