रेडक्रॉस जागरुकता कार्यशाला में छात्र-छात्राओं को मिली समाजसेवा की प्रेरणा।
नानकमत्ता (उधम सिंह नगर)। महाराणा प्रताप राजकीय महाविद्यालय, नानकमत्ता में भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी के तत्वावधान में एक दिवसीय जागरुकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों को रेडक्रॉस सोसाइटी के सेवा कार्यों, उद्देश्यों और सिद्धांतों से परिचित कराना तथा समाज सेवा के प्रति जागरुक बनाना था।

कार्यशाला की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. अंजला दुर्गापाल ने की। उन्होंने कहा “निस्वार्थ सेवा ही जीवन की सच्ची पूंजी है। रेडक्रॉस जैसी संस्थाएं समाज के प्रत्येक वर्ग तक मानवीय संवेदनाओं को पहुँचाने का कार्य कर रही है। हमें भी अपने सामर्थ्य के अनुसार समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।” उन्होंने रेडक्रॉस द्वारा किए जा रहे वैश्विक सेवा कार्यों की चर्चा करते हुए छात्र-छात्राओं को प्रेरित किया कि वे निष्काम भाव से सेवा कार्यों में भाग लें और समाज को बेहतर बनाने में सहयोग करें।

यूथ रेडक्रॉस के महाविद्यालय नोडल अधिकारी डॉ. रवि जोशी ने रेडक्रॉस की कार्यप्रणाली, उद्देश्यों तथा सेवा के क्षेत्रों पर विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि रेडक्रॉस के मूल सात सिद्धांत—मानवता, निष्पक्षता, तटस्थता, स्वतंत्रता, स्वैच्छिक सेवा, एकता और सार्वभौमिकता के आधार पर यह संस्था वैश्विक स्तर पर कार्य कर रही है। उन्होंने विद्यार्थियों को रेडक्रॉस पोर्टल पर पंजीकरण की प्रक्रिया समझाई तथा समाजसेवा में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।



