जिलाधिकारी अल्मोड़ा आलोक कुमार पांडेय की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक, दिए आवश्यक निर्देश।

अल्मोड़ा। विकास भवन सभागार अल्मोड़ा में जिला अधिकारी आलोक कुमार पांडेय की अध्यक्षता में ग्राम्य विकास, पंचायती राज एवं स्वजल विभाग की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में समस्त खंड विकास अधिकारी, उप कार्यक्रम अधिकारी, ब्लॉक मिशन मैनेजर, सहायक विकास अधिकारी (पंचायती राज) सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

बैठक में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा), आजीविका मिशन, पंचायत राज योजनाएं, स्वजल कार्यक्रम, ग्राम्य क्षेत्रों में ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन, ई-गवर्नेंस के तहत जनगणना पोर्टल, जन्म-मृत्यु पंजीकरण, ग्राम स्वराज पोर्टल की प्रगति, ससमय श्रमिकों का भुगतान, वार्षिक योजनाओं की स्थिति एवं भौतिक/वित्तीय प्रगति जैसे विभिन्न बिंदुओं पर गहन चर्चा एवं समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी द्वारा संबंधितों को निर्देशित करते हुए कहा गया कि योजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। अपूर्ण कार्यों की सूची तैयार कर शीघ्रातिशीघ्र पूर्ण करने की रणनीति बनाई जाए। पंचायतों में मनरेगा कार्यों का भौतिक सत्यापन नियमित रुप से किया जाए। ग्रामीण क्षेत्रों में साफ-सफाई, अपशिष्ट प्रबंधन एवं जल संरक्षण को प्राथमिकता दी जाए।

बैठक में समस्त अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्र की प्राथमिकताओं को ध्यान में रखते हुए योजनाओं के सफल क्रियान्वयन हेतु उत्तरदायी बनें। साथ ही यह भी निर्देशित किया गया कि आगामी निरीक्षणों के लिए अपनी तैयारियों को सुदृढ़ किया जाए। अंत में चयनित विकासखंडों द्वारा उत्कृष्ट योजनाओं की पाँच मिनट की प्रभावशाली प्रस्तुतियाँ भी दी गई, जिन्हें उपस्थित अधिकारियों द्वारा सराहा गया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, जिला विकास अधिकारी एस. के. पंत समेत अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

रिपोर्टर- एस. आर. चन्द्रा भिकियासैंण

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *