पौराणिक नीलेश्वर महादेव मंदिर में मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा का कार्य हुआ शुरु।

भिकियासैंण। पौराणिक शिव मंदिर नीलेश्वर महादेव मंदिर में मूर्तियों का प्राण प्रतिष्ठा समारोह भव्य कलशयात्रा के साथ शुरु हो गया है। यहां त्रिवेणी के संगम पर स्थित सबोली रौतेला ग्राम सभा सल्ट विधानसभा में स्थित यह पौराणिक मंदिर आस-पास के क्षेत्रवासियों के लिए श्रद्धा का केंद्र है। शिवरात्रि पर दूर-दूर से श्रद्धालु यहां शिवलिंग पर जल चढ़ाने और पूजा करने आते हैं। तत्पश्चात मेला भी होता है।

पिछले दिनों विधायक सल्ट महेश जीना के अथक प्रयासों द्वारा सरकार की योजना से जीर्णोद्धार के बाद अब भव्य और विस्तृत स्वरुप में दिखने लगा है। विधायक महेश जीना ने बताया कि शिवालय में सैकड़ों वर्ष पुराना पीपल का वृक्ष और पौराणिक शिवलिंग व द्वार पर नंदी महाराज की पौराणिकता बनाए रखी गई है और कुछ नई मूर्तियों की भी स्थापना की जा रही है, जिनकी प्राण प्रतिष्ठा विधिवत रुप से 21 मई को शुरु हो गई थी, जिसमें आज कलशयात्रा के साथ मुख्य पूजा शुरु हो गई है। उन्होंने बताया कि 25 मई को भंडारा होगा और इसी दिन सुबह परम पूज्य स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज की पावन उपस्थिति रहेगी, जिनके दर्शन और आशीर्वचनों का प्रसाद सभी उपस्थित क्षेत्रवासियों को मिलेगा।
आज कलशयात्रा में साथ चल रहे विधायक महेश जीना ने पूरे बाजार में सबसे मिलकर पूजा और भंडारे का निमंत्रण भी दिया। कलशयात्रा ढोल-नगाड़ो के साथ मंदिर प्रांगण से शुरु हो कर पूरे भिकियासैंण बाजार का भ्रमण कर मंदिर पहुंची और जलाभिषेक किया। इसमें पूरे क्षेत्र की महिलाओं व क्षेत्रवासियों जिनमें सबोली, कमेड़ुआ, भिकियासैंण, बाड़ीकोट व अन्य क्षेत्रों के लोगों ने बढ़ – चढ़ कर भाग लिया।



