सल्ट के भौनखाल में ब्लॉक स्तरीय योग शिविर का हुआ आयोजन।
भिकियासैंण। आयुष मंत्रालय एवं भारत सरकार द्वारा जनपदों में ब्लॉक स्तरीय 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के तहत विभिन्न गतिविधियों मे प्रकृति को योग के साथ जोड़ा जा रहा है। सल्ट ब्लॉक के पी. एम. उत्कृष्ठ इंटर कॉलेज भौनखाल में आज शनिवार को एक भव्य ब्लॉक स्तरीय योग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में मुख्य अतिथि भौनखाल के ग्रामप्रधान कमला रावत एवं विद्यालय के 430 छात्र-छात्राओं के साथ ही शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक बड़ी संख्या में भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान धन्वंतरि की प्रतिमा का दीप प्रज्वलित कर गायत्री मंत्र के उच्चारण के साथ हुआ। तत्पश्चात प्रशिक्षित योग प्रशिक्षकों हिमांशु पंत, कमल, सूरज बंगारी द्वारा विभिन्न योग आसनों एवं प्राणायाम, सूर्य नमस्कार, योग प्रोटोकाल के अंतर्गत सामुहिक अभ्यास कराया गया। सामूहिक योगाभ्यास में सभी प्रतिभागियों ने अनुशासित ढंग से भाग लिया। मुख्य अतिथि भौनखाल ग्राम प्रधान ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य देन है, योग को अपनी दिनचर्या में शामिल कर, हम शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक रुप से स्वस्थ रह सकते हैं। उन्होंने युवाओं एवं महिलाओं को विशेष रुप से नियमित योग करने की प्रेरणा दी। साथ ही सभी अतिथियों द्वारा अपने-अपने सम्बोधन में आयुर्वेद एवं योग के विशेष प्रभाव की जानकारी आम जनमानस को दी गई।
कार्यक्रम के मुख्य संचालक डॉ. महेंद्र शाक्य द्वारा योग शिविर में प्रतिभागियों का आभार प्रकट करते हुए योग को अपने अमूल्य जीवन में आत्मसात करने हेतु आह्वान किया गया। उक्त योग शिविर में प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. शाहिद हुसैन द्वारा मंच का संचालन किया गया। इस मौके पर आयुष विभाग से डॉ. शाहिद हुसैन, डॉ. ललित कुमार सिंह, डॉ. रामेश्वरी आर्य, डॉ. नम्रता भट्ट, डॉ. कपिल शर्मा, डॉ. सपना पवार, फार्मेसीधिकारी राहुल, प्रधानाचार्य माधव सिंह व अन्य स्टॉफ उपस्थित रहे।



