मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एशियन कैडेट कप फेंसिंग प्रतियोगिता का किया शुभारंभ।

17 देशों के खिलाड़ी ले रहे हैं हिस्सा, खेलों में उत्तराखंड की अंतरराष्ट्रीय पहचान मजबूत।

हल्द्वानी (नैनीताल)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम गौलापार में आयोजित एशियन कैडेट कप फेंसिंग प्रतियोगिता का दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

यह प्रतियोगिता 21 से 23 सितंबर तक चलेगी, जिसमें 17 एशियाई देशों के 250 से अधिक खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। मुख्यमंत्री ने सभी प्रतिभागियों को ढेर सारी शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उत्तराखंड खेलों के क्षेत्र में निरंतर प्रगति कर रहा है।

उन्होंने कहा कि यह प्रतियोगिता सिर्फ एक आयोजन नहीं है, बल्कि उत्तराखंड की बढ़ती खेल क्षमता और वैश्विक पहचान का प्रतीक भी है। यह सिर्फ खिलाड़ियों की नहीं, राज्य की भी परीक्षा है कि हम इस आयोजन को कितनी पवित्रता, पारदर्शिता और गरिमा के साथ संपन्न कराते हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने युवाओं से नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार मुख्यमंत्री खेल विकास निधि, खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना और खेल किट योजना जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से खिलाडिय़ों को हरसंभव सहयोग दे रही है।

खेल इंफ्रास्ट्रक्कर में बड़े निवेश मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में 517 करोड़ रुपए की लागत से विश्वस्तरीय स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जल्दी ही प्रदेश में स्पोर्ट्स लेगेसी प्लान लागू किया जाएगा, जिसके अंतर्गत 23 खेल अकादमियां स्थापित होंगी।

इसके अतिरिक्त, हल्द्वानी में उत्तराखंड का पहला खेल विश्वविद्यालय और महिला स्पोर्ट्स कॉलेज स्थापित करने की दिशा में तेजी से कार्य चल रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तार और रेल कनेक्टिविटी पर भी कार्य किया जा रहा है, ताकि खिलाड़ियों और पर्यटकों को बेहतर यातायात सुविधा मिले।

उन्होंने कहा कि फेंसिंग जैसे खेलों को अब उत्तराखंड में नई पहचान मिल रही है। अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी भवानी देवी जैसे उदाहरणों से प्रेरणा लेते हुए युवा इस खेल को अपना रहे हैं। उन्होंने आशा जताई है कि भविष्य में भारतीय खिलाड़ी फेंसिंग में भी वैश्विक स्तर पर कीर्तिमान स्थापित करेंगे।

इस प्रतियोगिता में भारत के अलावा तजाकिस्तान, सीरिया, मलेशिया, श्रीलंका, थाईलैंड, इंडोनेशिया जैसे देशों के खिलाड़ी बालक-बालिका वर्ग में भाग ले रहे हैं। भारत से 150 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।

इस अवसर पर विधायक डाॅ. मोहन सिंह बिष्ट, राम सिंह कैड़ा, डाॅ. प्रमोद नैनवाल, उत्तरांचल ओलंपिक संघ के अध्यक्ष महेश नेगी, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, मेयर काशीपुर दीपक बाली, सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत, जिलाधिकारी वंदना सिंह, एसएसपी प्रह्लाद नारायण मीणा के साथ ही कई अन्य जनप्रतिनिधि, खिलाड़ी व खेल प्रेमी आदि भारी संख्या में उपस्थित रहे।

रिपोर्टर- रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *