थाना सल्ट ने स्थानीय लोगों को साइबर सुरक्षा सहित विभिन्न विषयों की दी जानकारियां।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। थाना सल्ट पुलिस द्वारा स्थानीय लोगों को साइबर सुरक्षा और इससे जुड़े विभिन्न पहलुओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा देवेन्द्र पींचा द्वारा जनपद के सभी थाना प्रभारियों को स्कूलों, कॉलेजों, नगरों, कस्बों, ग्रामीण क्षेत्रों और संस्थानों में साइबर अपराध के प्रति जनजागरुकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।
इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक हरबन्स सिंह एवं सीओ रानीखेत विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण में, थानाध्यक्ष सल्ट कश्मीर सिंह के नेतृत्व में सल्ट पुलिस टीम द्वारा जागरुकता अभियान चलाया गया।
साइबर अपराधों से बचाव पर जानकारी:
पुलिस टीम ने उपस्थित स्थानीय लोगों को साइबर अपराधों, डिजिटल अरेस्टिंग, ऑनलाइन ठगी के नए तरीकों और उनसे बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से बताया।
लोगों के साइबर क्राइम से जुड़े संदेहों और समस्याओं का मौके पर समाधान भी किया गया।
पुलिस ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे अपने आस-पास के लोगों को भी साइबर फ्रॉड से बचाव के तरीकों की जानकारी दें, ताकि समाज में जागरुकता बढ़ाई जा सके और सभी लोग सुरक्षित रहें।
अन्य सामाजिक विषयों पर भी दी जानकारी:
अभियान के दौरान पुलिस ने लोगों को घरेलू हिंसा, महिला उत्पीड़न, बाल विवाह, महिला अपराधों के साथ-साथ उत्तराखंड पुलिस एप, गौरा शक्ति एप, यातायात नियमों और नवीन कानूनों के बारे में भी जानकारी देकर जागरुक किया।
रिपोर्टर- रिया सोलीवाल















