जिला अधिकारी अल्मोड़ा आलोक कुमार पांडेय का उत्तराखंड शासन में हुआ स्थानांतरण, कलेक्ट्रेट स्टॉफ ने दी भावभीनी विदाई।

अल्मोड़ा। जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडेय का मुख्य कार्यकारी अधिकारी पीएमजीएसवाई उत्तराखंड तथा अपर सचिव उत्तराखंड शासन के पद पर स्थानांतरण हो गया है। आज गुरुवार को जिला कार्यालय में राजस्व विभाग सहित अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें भावभीनी विदाई दी।

जिलाधिकारी पांडेय ने अल्मोड़ा जनपद में करीब एक वर्ष और दो माह तक अपनी बहुमूल्य सेवाएं दी। उन्होंने 09 सितम्बर 2024 को जनपद अल्मोड़ा में जिलाधिकारी के रुप में कार्यभार ग्रहण किया था।

विदाई समारोह में उपस्थित अधिकारियों ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें कुशल प्रशासक बताया और उनके कार्यकाल को स्वर्णिम बताया। अधिकारियों ने उनकी सादगी और उनकी कार्यकुशलता को अविस्मरणीय बताया और कहा कि जिलाधिकारी पांडेय के मार्गदर्शन में अल्मोड़ा जनपद में अनेक नवाचार और विकास कार्यों को धरातल में उतारने में सफलता मिली है। स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और सरकारी कार्यों के विभिन्न क्षेत्रों में भी उल्लेखनीय योगदान रहा। उन्होंने खनन न्यास से अस्थाई शिक्षकों की तैनाती की, नगर अल्मोड़ा में पिंक ई-रिक्शा की शुरुआत की, बेस अस्पताल में नशा मुक्ति केंद्र खोला और महिला स्वयं सहायता समूहों को सरकारी कार्यों में भोजन की व्यवस्था सौंपी।

विदाई समारोह में जिलाधिकारी पांडेय ने अपने सेवाकाल में अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों से मिले सहयोग और प्यार की सराहना की और सभी का आभार जताया। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए पूरी टीम को शुभकामनाएं दी।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा, नवागत अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्रा, संयुक्त मैजिस्ट्रेट रानीखेत गौरी प्रभात, उपजिलाधिकारी सदर संजय कुमार सहित अन्य अधिकारी और कलेक्ट्रेट के कर्मचारी आदि उपस्थित रहे।

रिपोर्टर- रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *