बोलेरो और अर्टिगा वाहन में हुई जबरदस्त भिड़ंत, वन कर्मी की हुई मौत।
रामनगर (नैनीताल)। रामनगर–मुरादाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर पीरुमदारा के पास एक बोलेरो और अर्टिगा वाहन की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में तराई पश्चिमी वन प्रभाग के चालक मनीष बिष्ट, उम्र 35 वर्ष की मौत हो गई, जबकि अर्टिगा में सवार तीन लोग घायल हुए। यह दुर्घटना शुक्रवार तड़के लगभग 3 बजे हुई।
मिली जानकारी के अनुसार, चिलकिया निवासी मनीष बिष्ट आमपोखरा रेंज में अवैध कटान और तस्करी की सूचना मिलने पर हल्दुआ वन चौकी से टीम को लेने बोलेरो से जा रहे थे। इसी दौरान पीरुमदारा के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार अर्टिगा कार ने उनकी बोलेरो को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर में मनीष गंभीर रुप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अर्टिगा में सवार तीन अन्य लोग दुर्घटना में घायल हो गए।



