गौला पुल से युवती ने लगाई छलांग, गंभीर हालत में अस्पताल में हुई भर्ती।
हल्द्वानी (नैनीताल)। शहर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब आज दोपहर करीब 20 वर्षीय एक युवती ने गौला पुल से छलांग लगा दी। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना पर बनभूलपुरा कोतवाली पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और गंभीर रुप से घायल युवती को उपचार के लिए नैनीताल रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बनभूलपुरा कोतवाल दिनेश फर्त्याल ने बताया कि युवती गौलापार क्षेत्र की निवासी है और उसकी उम्र लगभग 20 वर्ष है। गौला पुल से कूदने के बाद युवती को गंभीर चोटें आई हैं। चिकित्सकों द्वारा उसका उपचार किया जा रहा है और उसकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है।
पुलिस के अनुसार युवती ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। युवती से पूछताछ के साथ-साथ उसके परिजनों से भी संपर्क किया जा रहा है, ताकि घटना के पीछे के कारणों का पूरा पता लगाया जा सके। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जाँच में जुटी हुई है और अस्पताल में युवती की निगरानी की जा रही है।
रिपोर्टर- रिया सोलीवाल









