रामनगर में हाथी के तांडव से जंगल में लकड़ी लेने गई महिला गंभीर रुप से हुई घायल।
रामनगर (नैनीताल)। मानव–वन्यजीव संघर्ष का एक और गंभीर मामला सामने आया है। रामनगर वन प्रभाग की कोसी रेंज अंतर्गत ग्राम टेड़ा के जंगल में आज शनिवार शाम लकड़ी लेने गई एक महिला पर हाथी ने अचानक हमला कर दिया। इस घटना में महिला गंभीर रुप से घायल हो गई, जिसे उपचार के लिए रामनगर के संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम टेड़ा निवासी 43 वर्षीय सीमा देवी गाँव की तीन अन्य महिलाओं के साथ जंगल में लकड़ी लेने गई थी। इसी दौरान अचानक सामने आए एक हाथी ने सीमा देवी पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि हाथी ने महिला को सूंड में उठाकर जमीन पर पटक दिया, जिससे वह गंभीर रुप से घायल हो गई।
घटना के समय साथ मौजूद अन्य महिलाओं ने शोर मचाने की कोशिश की, लेकिन हाथी की चिंघाड़ सुनकर वे भी भयभीत हो गई। घायल सीमा देवी ने बताया कि जब हाथी उसके ऊपर पैर रखने ही वाला था, तभी उसने भगवान गणेश का नाम लिया और हाथ जोड़ दिए। महिला के अनुसार, इसी बीच हाथी पीछे की ओर मुड़ा, जिससे वह घिसटते हुए आगे बढ़ी और हाथी ने उसे छोड़ दिया।
महिलाएं किसी तरह जंगल से भागकर सड़क तक पहुंचीं। घायल महिला ने बताया कि हाथी कुछ दूरी तक उनका पीछा करते हुए सड़क तक भी आ गया था। बाद में ग्रामीणों की मदद से सीमा देवी को रामनगर के संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हाथी की निगरानी शुरु कर दी गई है। वन विभाग ने ग्रामीणों से जंगल में अकेले न जाने की अपील की है।
इस संबंध में डीएफओ ध्रुव मर्तोलिया ने बताया कि शीतकाल के दौरान हाथियों की गतिविधियां बढ़ जाती हैं, जिससे वे अधिक आक्रामक हो जाते हैं। उन्होंने ग्रामीणों से जंगल जाने से बचने की अपील की और बताया कि क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है। डीएफओ के अनुसार, हाथी ने महिला को धक्का दिया था और फिलहाल महिला सुरक्षित है।
रिपोर्टर- रिया सोलीवाल










