बरसात ने खोली भिकियासैंण–बासोट मोटर मार्ग की पोल, जगह-जगह सड़क बदहाल, विभाग मौन।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। भिकियासैंण से बासोट को जोड़ने वाला मोटर मार्ग इन दिनों पिछली बरसात के कारण बेहद खराब स्थिति में पहुंच गया है। लगातार बारिश से सड़क कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो चुकी है, जिससे राहगीरों एवं वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मार्ग पर फिसलन एवं गड्ढों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस सुधार कार्य शुरु नहीं किया गया है।
दनपौला क्षेत्र एवं बासोट के चौधरी निवास के समीप सड़क पूरी तरह टूट चुकी है। इन स्थानों पर सड़क धंसने तथा रोड़ी फैलने से वाहनों का आवागमन अत्यंत जोखिम भरा हो गया है। इसी के चलते बीते एक सप्ताह के भीतर कई मोटरसाइकिल सवार फिसलने से घायल हो चुके हैं। पूर्व सरपंच गंगोड़ा एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य बासोट नरेंद्र सिंह नेगी सहित स्थानीय लोगों का कहना है कि किसी बड़े हादसे की आशंका लगातार बनी हुई है।
ग्रामीणों द्वारा कई बार संबंधित विभाग को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक न तो मरम्मत कार्य शुरु किया गया है और न ही कोई वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। विभागीय चुप्पी से क्षेत्रवासियों में रोष बढ़ता जा रहा है। स्थानीय निवासियों ने शीघ्र सड़क मरम्मत कर सुरक्षित यातायात सुनिश्चित करने की मांग की है।
रिपोर्टर- रिया सोलीवाल















