भिकियासैंण के जैनल में पिकअप वाहन से दो अज्ञात शव बरामद।

भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। रामनगर से आ रही एक पिकअप वाहन संख्या UP20CT0048 आज सोमवार भिकियासैंण के जैनल क्षेत्र में सड़क किनारे खड़ी पाई गई। बताया जा रहा है कि यह वाहन बीती रात लगभग 3 बजे से सड़क पर खड़ा था। इसकी सूचना आज शाम करीब 6:30 बजे स्थानीय ग्रामीणों द्वारा पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस चौकी प्रभारी संजय जोशी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जाँच के दौरान वाहन की कैबिन में दो व्यक्ति बेहोशी की हालत में पड़े मिले। पिकअप में दो कट्टों में गेहूं भी पाया गया।

पुलिस द्वारा तत्काल दोनों व्यक्तियों को 108 एंबुलेंस सेवा के माध्यम से सीएचसी भिकियासैंण ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस द्वारा तलाशी लेने पर दोनों मृतकों की जेब से लगभग 52 हजार रुपये नकद बरामद हुए, हालांकि उनके पास से कोई भी पहचान पत्र नहीं मिला। फिलहाल पुलिस ने दोनों शवों एवं वाहन को कब्जे में ले लिया है। जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन बिजनौर (उत्तर प्रदेश) के किसी लोकेश के नाम से पंजीकृत बताया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं जाँच के बाद ही मामले का पूरा खुलासा हो सकेगा। दोनों मृतकों की उम्र लगभग 40 से 45 वर्ष के बीच आंकी गई है।

रिपोर्टर- रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *