श्रीरामलला की अयोध्या में मूर्ति प्राण-प्रतिष्ठा की वर्षगांठ पर मानिला में हुए धार्मिक आयोजन।

भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। श्रीरामलला की अयोध्या में मूर्ति प्राण-प्रतिष्ठा की वर्षगांठ के अवसर पर रामलीला रंगमंच समिति, मानिला द्वारा विगत गुरुवार को रंगमंच परिसर में धार्मिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक प्रतिनिधि एडवोकेट करन जीना एवं विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत सदस्य (वार्ड–17 उजाड़) मनमोहन सिंह बंगारी द्वारा संयुक्त रुप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 8 बजे राम मंदिर में विधिवत पूजा-पाठ के साथ हुई। इसके पश्चात संगीतमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। सुंदरकांड पाठ के उपरांत पूजा-अर्चना एवं हवन संपन्न हुआ। रंगमंच पर भगवान श्रीराम एवं श्रीकृष्ण के जीवन से जुड़ी झलकियों का मंचन किया गया, जिसने दर्शकों को धार्मिक और सांस्कृतिक प्रेरणा प्रदान की। साथ ही क्षेत्र के युवा कलाकारों ने कुमाउनी नाटक ‘रामी बोराणी’ की शानदार प्रस्तुति देकर दर्शकों का मन मोह लिया।

वहीं, शाम के सत्र में क्षेत्र के नन्हे-मुन्ने बाल कलाकारों ने भगवान श्रीराम एवं श्रीकृष्ण के जीवन से जुड़े कई प्रमुख प्रसंगों का जीवंत मंचन किया। इसके अतिरिक्त क्षेत्रीय कलाकारों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहे।

दोपहर 2 बजे से विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। यह एक दिवसीय आयोजन क्षेत्र में आध्यात्मिक ऊर्जा और धार्मिक उत्साह का संचार करता रहा।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर रामलीला रंगमंच समिति के अध्यक्ष रमेश लखचौरा ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य भगवान श्रीराम के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाना तथा समाज में धार्मिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों को प्रोत्साहित करना है। वहीं, समिति के कोषाध्यक्ष विनय भट्ट ने कहा कि आयोजन को सफल बनाने में क्षेत्रवासियों का भरपूर सहयोग मिला है और भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय एवं क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *