सीओ अल्मोड़ा ने कोतवाली अल्मोड़ा का किया अर्द्धवार्षिक निरीक्षण, जनता दरबार लगाकर सुनी जन समस्याएं।
अल्मोड़ा। पुलिस उपाधीक्षक गोपाल दत्त जोशी द्वारा आज रविवार को कोतवाली अल्मोड़ा का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कोतवाली, सीसीटीएनएस कार्यालय, मालखाना, कर्मचारी बैरक एवं भोजनालय आदि का बारीकी से निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को परखा गया। इस दौरान थाना परिसर में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक पाई गई।
निरीक्षण के क्रम में —
● कोतवाली के समस्त अभिलेखों का गहन निरीक्षण कर सभी प्रविष्टियों की जाँच की गई।
● कार्यालय स्टाफ को अभिलेखों को अद्यावधिक रखने एवं उनके उचित रख-रखाव के निर्देश दिए गए।
● सीसीटीएनएस कार्यों की समीक्षा करते हुए ऑनलाइन जीडी, आईआईएफ फॉर्मों को समय से फीड करने तथा सभी पोर्टलों को नियमित रुप से चेक कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
● लंबित विवेचनाओं, शिकायती प्रार्थना पत्रों, वारंटों की तामीली एवं निरोधात्मक कार्यवाहियों की समीक्षा की गई।
● लंबित विवेचनाओं एवं शिकायतों का शीघ्र निस्तारण करने, वारंटों की शत-प्रतिशत तामीली सुनिश्चित करने तथा थाने में लंबित मालों एवं मुकदमाती वाहनों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।
● सरकारी संपत्ति के सही रख-रखाव तथा कार्य प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
● कोतवाली में आने वाले आगंतुकों एवं शिकायतकर्ताओं से शालीन व्यवहार कर उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए गए।
● बीट क्षेत्र में नियुक्त कर्मचारियों को नियमित भ्रमण करने के निर्देश दिए गए।
● अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, बिक्री एवं भंडारण करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
● व्यापक सत्यापन अभियान एवं जनजागरुकता अभियान चलाने पर भी बल दिया गया।
जनता दरबार का आयोजन —
निरीक्षण के दौरान जनता दरबार का भी आयोजन किया गया, जिसमें कोतवाली क्षेत्र के सीएलजी सदस्य, नगर निगम पार्षद, व्यापार मंडल प्रतिनिधि, सीनियर सिटीजन, पुलिस पेंशनर एवं स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। जनता दरबार में कानून एवं शांति व्यवस्था, यातायात सहित विभिन्न समस्याओं एवं सुझावों को सुना गया। कई समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया गया तथा अन्य सुझावों को अमल में लाने का आश्वासन दिया गया।
इसके अतिरिक्त 36वें सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरुक किया गया। बिना पुलिस सत्यापन के किराएदार या मजदूर न रखने, साइबर अपराध एवं डिजिटल अरेस्ट से बचाव की जानकारी दी गई तथा डायल-112 और साइबर हेल्पलाइन नंबर-1930 के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी निरीक्षक कोतवाली अल्मोड़ा योगेश चन्द्र उपाध्याय, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन रमेश चन्द्र, एसएसआई रमेश सिंह बोरा, एसएसआई सतीश चन्द्र कापड़ी सहित कोतवाली के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

















