अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज भिकियासैंण में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 77वां गणतंत्र दिवस।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज भिकियासैंण में 77वें गणतंत्र दिवस का पर्व अत्यंत हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। प्रातः साढ़े आठ बजे विद्यालय परिसर से तहसील चौक तक प्रभात फेरी निकाली गई, जिसमें छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने देशभक्ति नारों के साथ सहभागिता की।
इसके पश्चात शासकीय आदेशानुसार प्रातः साढ़े नौ बजे विद्यालय के प्रधानाचार्य बी. आर. भारती द्वारा ध्वजारोहण किया गया। राष्ट्रगीत एवं झंडागीत के उपरांत बालादत्त शर्मा (प्रवक्ता) द्वारा उत्तराखंड के शिक्षा सचिव रविनाथ रामन का संदेश पढ़कर सुनाया गया, जो छात्रों, अभिभावकों, शिक्षणेतर कर्मचारियों, शिक्षकों, प्रधानाचार्यों एवं शिक्षा अधिकारियों के लिए प्रेषित था।
प्रधानाचार्य बी. आर. भारती ने उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को संविधान एवं मतदाता शपथ दिलाई। इसके उपरांत सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं द्वारा पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। माँ शारदा के मंदिर में प्रतिष्ठित सरस्वती प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन कर तथा स्वतंत्रता संग्राम के महानायकों के चित्रों पर माल्यार्पण के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई। इसके पश्चात छात्राओं ने कुमाउनी परिधान में कुमाउनी लोकगीत एवं लोकनृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
गणतंत्र दिवस समारोह में अपने उद्बोधन में बालादत्त शर्मा ने स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले वीर क्रांतिकारियों के योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने संविधान निर्माताओं सहित देश के उत्थान में योगदान देने वाले राष्ट्रनायकों, नेताओं, वैज्ञानिकों, सैनिकों, किसानों एवं बुद्धिजीवियों के योगदान को स्मरण करते हुए नागरिकों से राष्ट्र निर्माण में अपने कर्तव्यों के निर्वहन का आह्वान किया। साथ ही संविधान प्रदत्त अधिकारों के साथ कर्तव्यों को समान महत्व देने एवं सरकारी संपत्ति की सुरक्षा का संकल्प लेने पर बल दिया।
प्रधानाचार्य बी. आर. भारती ने छात्र-छात्राओं सहित प्रत्येक भारतीय से अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने बच्चों को अनुशासन एवं परिश्रम के साथ लक्ष्य प्राप्त कर एक अच्छा नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर उन्होंने राष्ट्र को समर्पित एक स्वरचित कविता भी प्रस्तुत की।
अंत में जलपान एवं मिष्ठान वितरण के साथ गणतंत्र दिवस समारोह का समापन हुआ।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल


















