पुलिस उपाधीक्षक रानीखेत ने थाना देघाट का किया अर्द्धवार्षिक निरीक्षण।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। पुलिस उपाधीक्षक रानीखेत विमल प्रसाद द्वारा आज गुरुवार को थाना देघाट का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान थाना परिसर स्थित सीसीटीएनएस कार्यालय, मालखाना, कर्मचारी बैरिक, भोजनालय आदि का बारीकी से निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को जाँचा-परखा गया। इस दौरान थाना परिसर में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक पाई गई।
पुलिस उपाधीक्षक द्वारा थाने के समस्त अभिलेखों का गहन निरीक्षण कर प्रविष्टियों की जाँच की गई। कार्यालय स्टाफ को अभिलेखों को अध्यावधिक रखने तथा उनका समुचित रख-रखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
सीसीटीएनएस कार्यों की समीक्षा करते हुए नियुक्त कार्मिकों को ऑनलाइन जीडी, आईआईएफ फॉर्मों को समय से फीड करने तथा सभी संबंधित पोर्टलों को नियमित रुप से चेक कर समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान लंबित विवेचनाओं, शिकायती प्रार्थना पत्रों, वारंटों की तामीली तथा निरोधात्मक कार्यवाही की समीक्षा की गई।
● लंबित विवेचनाओं एवं शिकायती प्रार्थना पत्रों का शीघ्र निस्तारण करने,
● वारंटों की शत-प्रतिशत तामीली सुनिश्चित करने,
● थाने में लंबित मालों एवं मुकदमाती वाहनों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।
अभिलेखों को अद्यावधिक रखने, कार्य प्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने तथा सरकारी संपत्ति का सही ढंग से रख-रखाव सुनिश्चित करने हेतु सभी कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
इसके साथ ही थाने में आने वाले आगंतुकों एवं शिकायतकर्ताओं के साथ शालीनतापूर्ण व्यवहार करते हुए उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए गए।
बीटों में नियुक्त कर्मचारियों को अपने बीट क्षेत्र में नियमित भ्रमण करने, अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, बिक्री एवं भंडारण में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने तथा व्यापक सत्यापन व जनजागरुकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के दौरान थानाध्यक्ष देघाट अजेन्द्र प्रसाद, उप निरीक्षक गंगा राम गोला सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल



















