सड़क सुरक्षा माह के तहत नैनीताल पुलिस का यातायात जागरुकता अभियान।
SP हल्द्वानी ने हल्द्वानी शहर के ऑटो, ई–रिक्शा, प्राइवेट बस संचालकों तथा स्थानीय लोगों को सड़क सुरक्षा की दिलाई शपथ।
हल्द्वानी (नैनीताल)। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार सड़क दुर्घटनाओं की प्रभावी रोकथाम के उद्देश्य से प्रदेश में 16 जनवरी 2026 से सड़क सुरक्षा माह का आयोजन किया जा रहा है।
इस क्रम में एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. द्वारा जनपद के समस्त थाना एवं यातायात प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में यातायात नियमों के प्रति व्यापक जागरुकता अभियान चलाने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।
उक्त अभियान के अंतर्गत एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र के पर्यवेक्षण में नैनीताल पुलिस द्वारा लगातार स्थानीय जनता को यातायात नियमों के प्रति जागरुक किया जा रहा है।
सड़क सुरक्षा माह को सार्थक बनाने की दिशा में आज गुरुवार पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल द्वारा हल्द्वानी शहर के ऑटो, ई-रिक्शा, प्राइवेट बस संचालकों तथा स्थानीय नागरिकों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई। इस दौरान सभी को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।
इसके साथ ही Good Samaritan Scheme की जानकारी देते हुए सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को निर्भीक होकर हर संभव सहायता प्रदान करने तथा स्थानीय पुलिस को तत्काल सूचना देने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर सीओ हल्द्वानी अमित कुमार, प्रभारी निरीक्षक यातायात हल्द्वानी महेश चंद्रा, थानाध्यक्ष मुखानी सुशील जोशी, सीपीयू हल्द्वानी उप निरीक्षक विक्रम सिंह, अध्यक्ष ऑटो यूनियन दमुवाढूंगा शेर सिंह बिष्ट, अध्यक्ष ऑटो यूनियन ओके होटल राजा आहूजा सहित ऑटो, ई-रिक्शा, प्राइवेट बस संचालक, स्थानीय लोग तथा यातायात एवं सीपीयू पुलिस कर्मी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल



















