“सपनों की उड़ान” कार्यक्रम में उत्तराखंड लोक संस्कृति की रही धूम।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। विकासखंड स्याल्दे के अंतर्गत राजकीय प्राथमिक विद्यालय स्याल्दे में ब्लॉक स्तरीय “सपनों की उड़ान” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि विधायक महेश जीना, विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत उपाध्यक्ष सुरेन्द्र नेगी एवं ब्लॉक प्रमुख मथुरादत्त द्वारा संयुक्त रुप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। बच्चों एवं अभिभावकों द्वारा उत्तराखंड की लोक संस्कृति पर आधारित पारंपरिक वेश-भूषा, लोक वाद्य यंत्र, रीति-रिवाज, खान-पान तथा सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गई, जिन्हें उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।
विधायक महेश जीना ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ-साथ रचनात्मक गतिविधियों का विशेष महत्व है। उन्होंने कहा कि बच्चों की प्रतिभा को निखारने में “सपनों की उड़ान” जैसे कार्यक्रम एक सशक्त माध्यम हैं।
कार्यक्रम के अंतर्गत अभिभावकों की लोक वाद्य यंत्र संगीत एवं लोकगीत प्रतियोगिता, नींबू-चम्मच दौड़, कुर्सी दौड़, रैम्प वॉक प्रतियोगिता तथा उत्कृष्ट महिला समूहों की सांस्कृतिक प्रतियोगिताएँ आयोजित की गई। कार्यक्रम में शिक्षिका पुष्पा रावत एवं मधु सूदन पपनाई द्वारा संगीत सहयोग प्रदान किया गया।
कार्यक्रम का संचालन रमेश तिवाड़ी एवं कविंद्र उप्रेती ने किया। कार्यक्रम में विकासखंड की सात न्याय पंचायतों पैठना, महग्यारी, डुंगरी, कल्याणपुर, गुदलेख, गोलना एवं भरसोली के विद्यालयों के विद्यार्थी एवं अभिभावकों ने प्रतिभाग किया।
इस अवसर पर शिक्षक संघ अध्यक्ष जीवन चंद्र जोशी, उप शिक्षा अधिकारी प्रज्ञा नंद, मंडल अध्यक्ष कुंदन लाल, शंकर सिंह, बच गिरी, मान सिंह, जगत सिंह रावत, केशव गिरी, हरी राम आर्या, सुरेश कड़ाकोटी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल



















