बजट 2026–27 का सीएम धामी ने किया स्वागत, हर वर्ग का रखा गया ध्यान।

देहरादून। उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय बजट 2026–27 की सराहना की है। उन्होंने कहा कि यह बजट न केवल देश की आर्थिक मजबूती को बढ़ाएगा, बल्कि उत्तराखण्ड जैसे पर्वतीय राज्यों को भी समान रुप से विकास के अवसर प्रदान करेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बजट में आर्थिक विकास को गति देने, जनमानस की आकांक्षाओं को पूरा करने और सबका साथ, सबका विकास सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया है। सीएम धामी ने देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को विकासोन्मुखी और समावेशी बजट के लिए बधाई दी।

उन्होंने कहा कि बजट में किसानों, महिलाओं, वंचितों, युवाओं, छोटे उद्यमियों और पिछड़े वर्गों पर विशेष ध्यान दिया गया है। रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, कौशल विकास, महिला सशक्तिकरण, उद्योग और अवसंरचना के लिए किए गए महत्वपूर्ण प्रावधान पूरे देश के साथ-साथ उत्तराखण्ड के लिए भी लाभकारी सिद्ध होंगे और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

मुख्यमंत्री ने बताया कि बजट में हिमाचल प्रदेश, उत्तराखण्ड और जम्मू-कश्मीर के लिए पर्यावरण-अनुकूल माउंटेन ट्रेल्स विकसित करने की योजना शामिल है। उत्तराखण्ड के परिप्रेक्ष्य में बजट ने पर्यटन और बुनियादी ढांचे पर विशेष ध्यान केंद्रित किया है, जो राज्य के विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि कृषि, पशुपालन, उच्च मूल्य कृषि, पर्यटन और एमएसएमई (MSME) के लिए किए गए बजटीय प्रावधान राज्य की ग्रामीण एवं पर्वतीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करेंगे। साथ ही, बजट में पर्यावरण एवं ऊर्जा सुरक्षा, डिजिटल टेक्नोलॉजी और बायोफार्मा क्षेत्र में किए गए निवेश से राज्य और देश दोनों को दीर्घकालिक लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड सरकार बजट में घोषित योजनाओं और प्रावधानों को प्रभावी रुप से लागू करने के लिए केंद्र सरकार के साथ पूर्ण सहयोग करेगी।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *