गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य पर सहायक अभियंता जयांक पाण्डे को SSP नैनीताल ने किया सम्मानित।
नैनीताल। कोतवाली काठगोदाम तथा थाना चोरगलिया में द्वितीय श्रेणी के अंतर्गत भवनों का निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता से संपन्न कराने पर सहायक अभियंता जयांक पाण्डे को एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
उत्तराखंड पेयजल संसाधन विकास एवं निर्माण इकाई (मुख्यालय), देहरादून में नियुक्त सहायक अभियंता जयांक पाण्डे ने एसएएससीआई योजना के अंतर्गत जिला नैनीताल के थाना काठगोदाम एवं चोरगलिया में द्वितीय श्रेणी के भवनों का निर्माण कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुरुप कराया।
निर्माण कार्य की समीक्षा एवं निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों को उन्होंने अपने तकनीकी कौशल से समयबद्ध तरीके से दूर किया तथा योजना को निर्धारित समय पर पूर्ण कराया।
कर्तव्यों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, लगन एवं ईमानदारी से करने पर एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने उनकी सराहना करते हुए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल




















